प्रदीप रावत के अंतिम संस्कार में आमिर खान समेत पहुंचे ये सितारे, नम आंखों से दी अंतिम विदाई
प्रदीप रावत का अंतिम संस्कार दोपहर में हुआ. उनके परिवार, करीबी दोस्त और फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग क्रेमेटोरियम में मौजूद थे.
Pradeep Rawat Funeral: मशहूर अभिनेता प्रदीप रावत का मंगलवार 4 अगस्त 2026 को निधन हो गया. आज बुधवार को मुंबई में उनके अंतिम संस्कार में फिल्म जगत की कई हस्तियां पहुंचीं. आमिर खान और राज अर्जुन समेत कई सितारों ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी.
प्रदीप रावत के अंतिम संस्कार में आमिर खान समेत पहुंचे ये सितारे
प्रदीप रावत का अंतिम संस्कार दोपहर में हुआ. उनके परिवार, करीबी दोस्त और फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग क्रेमेटोरियम में मौजूद थे. आमिर खान अपनी कार से पहुंचे. उन्होंने ऑरेंज शर्ट और ब्लू पैंट पहनी हुई थी. एक पुलिस अधिकारी के साथ वे अंदर गए और चुपचाप अंतिम विदाई दी. माहौल काफी शोकपूर्ण था.
Also Read
आमिर खान ने प्रदीप रावत को याद किया. उन्होंने कहा- 'वे बेहद समर्पित और निडर अभिनेता थे. प्रदीप जी ने गजनी में टाइटल रोल किया था. मुझे लगता है कि यह हमारे सिनेमा के सबसे प्रभावशाली स्क्रीन विलेन में से एक था. उनके बिना फिल्म कामयाब नहीं होती.'
आमिर और प्रदीप ने लगान में भी साथ काम किया था. आमिर ने देवा सिंह सोढ़ी वाले किरदार को याद करते हुए कहा- 'मुझे नहीं लगता कि कोई और इतने स्वैग के साथ सोढ़ी को निभा सकता था. वे बहुमुखी कलाकार थे. उनकी मौत का समाचार सुनकर दुख हुआ.'
प्रदीप रावत के मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने उनकी मौत की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि अभिनेता का निधन शाम 6 से 6:30 बजे के बीच अस्पताल में इलाज के दौरान हुआ. कैंसर फिर से सक्रिय हो गया था. पिछले करीब एक महीने से वे अस्पताल में भर्ती थे. सिद्धार्थ ने बताया- 'अचानक प्लेटलेट्स कम हो गए और फिर वे उबर नहीं पाए.' प्लेटलेट काउंट 6,000 प्रति माइक्रोलिटर तक गिर गया था. वे मुंबई के भिवंडी स्थित एक स्पेशलिटी अस्पताल में कैंसर से जूझ रहे थे.
फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. प्रदीप रावत अपनी दमदार अभिनय क्षमता के लिए जाने जाते थे. गजनी और लगान जैसी फिल्मों में उनके किरदार आज भी याद किए जाते हैं. उनके निधन से बॉलीवुड परिवार को बड़ा सदमा पहुंचा है.