NEET-UG टॉपर आर्यन गुप्ता ने बताया क्यों बनना चाहते हैं कैंसर स्पेशलिस्ट?
नीट यूजी 2026 की परीक्षा में पंजाब के आर्यन गुप्ता ने टॉप किया है. आर्यन ने बताया कि वह कैंसर स्पेशलिस्ट क्यों बनना चाहते हैं?
NEET-UG 2026 में पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पंशुल बंसल ने संयुक्त रूप से 720 में से 715 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक-1 (AIR-1) प्राप्त की है. परिणाम घोषित होने के बाद आर्यन ने बताया कि उनका सपना ऑन्कोलॉजिस्ट बनने का है. उन्होंने कहा कि जब वह तीसरी कक्षा में थे, तब उनकी दादी का कैंसर से निधन हो गया था. उसी दिन उन्होंने तय किया था कि भविष्य में इस बीमारी के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे और कैंसर विशेषज्ञ डॉक्टर बनेंगे.
माता-पिता का मिला पूरा साथ
आर्यन गुप्ता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, खासकर माता-पिता को दिया. दोनों ही पेशे से डॉक्टर हैं और उन्होंने तैयारी के दौरान हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया. आर्यन ने कहा कि AIR-1 हासिल करना किसी सपने के सच होने जैसा है और इस उपलब्धि से पूरा परिवार बेहद खुश है. उनकी सफलता मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग का उदाहरण बनकर सामने आई है.
Also Read
हजारों छात्रों ने बनाया नया रिकॉर्ड
एनटीए के अनुसार, 19 अभ्यर्थियों ने 700 से अधिक अंक हासिल किए. वहीं 1,492 छात्रों ने 650 से ज्यादा, 10,160 ने 600 से अधिक और 90,780 उम्मीदवारों ने 500 से ऊपर अंक प्राप्त किए. 705 से अधिक अंक पाने वाले शीर्ष 17 रैंकर्स आठ राज्यों से हैं. इनमें 93 प्रतिशत से अधिक उम्मीदवार पहली बार NEET परीक्षा में शामिल हुए और लगभग सभी की आयु 17 से 19 वर्ष के बीच रही.
करीब 20 लाख छात्रों ने दी परीक्षा
NEET-UG 2026 परीक्षा 21 जून को भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई. करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 11.21 लाख उम्मीदवार मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य संबद्ध पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सफल घोषित किए गए. एनटीए ने समय पर परिणाम जारी कर काउंसलिंग प्रक्रिया को तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ाने की बात कही.
महिलाओं का प्रदर्शन रहा बेहतर
इस वर्ष सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक महिलाएं हैं. महिलाओं का क्वालिफिकेशन रेट 56.8 प्रतिशत रहा, जबकि पुरुषों का 55.1 प्रतिशत दर्ज किया गया. श्रेणीवार आंकड़ों के अनुसार सामान्य वर्ग से 2.91 लाख, ओबीसी-एनसीएल से 5.12 लाख, एससी से 1.59 लाख, एसटी से 63,716, जनरल-ईडब्ल्यूएस से 95,026, PwBD से 3,666 और PwD श्रेणी से 303 उम्मीदवार सफल हुए. एनटीए ने कट-ऑफ, टॉपर्स और अन्य विस्तृत आंकड़े भी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं.