नई दिल्ली: सीबीएसई कक्षा 12 की आंसर शीट के लिए ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली शुरू करेगा. जिसका उद्देश्य छात्रों के लिए दक्षता, पारदर्शिता और सटीकता को बढ़ाना है. विद्यालय प्रमुखों को भेजे गए ऑफिशियल लेटर में यह स्पष्ट किया गया है कि कक्षा 10 की आंसर शीट मूल्यांकन करने का तरीका वही रहेगा जो पहले था. इस कदम से भारत और 26 देशों के छात्र प्रभावित होंगे, क्योंकि सीबीएसई हर साल लगभग 46 लाख छात्रों की परीक्षाओं का संचालन करता है.
आधिकारिक सूचना में कहा गया है 'दक्षता और पारदर्शिता बढ़ाने के अपने निरंतर प्रयासों के तहत, बोर्ड ने 2026 की परीक्षाओं से कक्षा 12 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) शुरू करने का निर्णय लिया है. कक्षा 10 की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 2026 में पहले की तरह भौतिक रूप से जारी रहेगा' .
बोर्ड के अनुसार, नई प्रणाली से मूल्यांकन प्रक्रिया सुव्यवस्थित होगी और मैन्युअल त्रुटियां कम होंगी. ओएसएम समन्वय कार्यों को स्वचालित करेगा, अंकों की गणना में होने वाली त्रुटियों को दूर करेगा और मैन्युअल हस्तक्षेप की आवश्यकता को कम करेगा.
अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल पद्धति का उद्देश्य मूल्यांकन प्रक्रिया को गति देना और अधिक से अधिक शिक्षकों को इसमें भाग लेने की अनुमति देना है. शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर सकेंगे, जिससे उनकी दैनिक जिम्मेदारियों में कोई बाधा नहीं आएगी.
सीबीएसई ने इस बात पर जोर दिया कि इस बदलाव से उत्तर पुस्तिकाओं के परिवहन पर लगने वाली लागत और समय में कमी आएगी और पर्यावरण के अनुकूल प्रथाओं को बढ़ावा मिलेगा.
ओएसएम के लागू होने के बाद, परिणाम के बाद अंकों के सत्यापन की आवश्यकता नहीं रहेगी, जिससे कार्यबल की आवश्यकता कम हो जाएगी.