CBSE Board 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 12वीं के छात्रों को बड़ी राहत दी है. बोर्ड ने मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने की अंतिम तारीख एक बार फिर बढ़ा दी है. अब छात्र 25 मई 2026 की रात 12 बजे तक cbse.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
पहले यह अंतिम तारीख 22 मई तय की गई थी. लेकिन पोर्टल पर भारी ट्रैफिक और तकनीकी दिक्कतों के कारण छात्रों को आवेदन करने में बहुत परेशानी हो रही थी. पोर्टल बार-बार बंद हो जाता था, भुगतान कट जाता था लेकिन आवेदन पूरा नहीं हो पाता था. इन समस्याओं को देखते हुए CBSE ने पहले 23 मई, फिर 24 मई और अब अंतिम बार 25 मई रात 12 बजे तक की मोहलत दे दी है.
कई छात्रों और अभिभावकों ने शिकायत की कि वे घंटों कोशिश करने के बाद भी फॉर्म नहीं भर पा रहे थे. भुगतान हो जाने के बाद भी आवेदन अधूरा रह जाता था. इन शिकायतों के बाद बोर्ड को तारीख बढ़ानी पड़ी.
शिक्षा मंत्री ने इस पूरे मामले की पूरी रिपोर्ट मांगी है. साथ ही सरकारी बैंकों को भी छात्रों की मदद करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि भुगतान संबंधी परेशानी कम हो सके.
CBSE ने स्पष्ट किया है कि स्कैन कॉपी उपलब्ध कराने के बाद पुनर्मूल्यांकन और उत्तर पुस्तिका की जांच की प्रक्रिया अलग से शुरू की जाएगी. इसके लिए अलग नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा. बोर्ड ने सभी छात्रों से अपील की है कि वे 25 मई रात 12 बजे से पहले अपना आवेदन जरूर पूरा कर लें.
ऐसे करें आवेदन CBSE की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाएं.
Answer Sheet/Scanned Copy का ऑप्शन चुनें.
रोल नंबर, स्कूल नंबर और अन्य जरूरी डिटेल्स भरें.
फीस ऑनलाइन जमा करें.
आवेदन सबमिट करें और प्रिंटआउट जरूर लें.
जो छात्र अभी तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, वे आज या कल रात तक कोशिश करें. देर रात में ट्रैफिक कम होने पर पोर्टल आसानी से काम कर सकता है. फीस जमा करने से पहले डिटेल्स दोबारा चेक कर लें. यह फैसला उन हजारों छात्रों के लिए राहत भरा है जो अपनी आंसर शीट की कॉपी देखकर संतुष्ट होना चाहते हैं या पुनर्मूल्यांकन के लिए तैयारी कर रहे हैं. CBSE की इस संवेदनशीलता की छात्रों ने सराहना की है.