menu-icon
India Daily

अब कॉफी की चुस्की हुई और भी महंगी..., Starbucks ने की कीमतों में बढ़ोतरी

टाटा स्टारबक्स ने कॉफी, दूध, किराए और पैकेजिंग की बढ़ती लागत के चलते मेन्यू की कीमतों में 5-10% की बढ़ोतरी की. अब कॉफी पीना और भी महंगा हो गया है.

Ashutosh Rai
Edited By: Ashutosh Rai
अब कॉफी की चुस्की हुई और भी महंगी..., Starbucks ने की कीमतों में बढ़ोतरी
Courtesy: X

अगर आप रोजाना एक कप स्टारबक्स की कॉफी पीने के शौकीन हैं, तो आपकी जेब पर थोड़ा और भारी पड़ेगा. टाटा स्टारबक्स ने अपने पूरे मेन्यू में कीमतों में 5 से 10 फीसदी का इजाफा कर दिया है. कंपनी के मुताबिक, दुनिया भर में कॉफी बीन्स की बढ़ती कीमत, दूध के दाम, पैकेजिंग का खर्च, प्रमुख शहरों में किराए और कर्मचारियों की सैलरी में हुई बढ़ोतरी के चलते मुनाफे पर दबाव बन रहा था. इसलिए यह फैसला लेना पड़ा.

क्यों बढ़ानी पड़ी कीमतें?

टाटा स्टारबक्स को कई मोर्चों पर लागत का सामना करना पड़ रहा है. पहला और सबसे बड़ा कारण है कॉफी बीन्स की अस्थिर कीमत. दुनिया भर में सप्लाई चेन की समस्याओं और उत्पादन में कमी के चलते कॉफी के दाम आसमान छू रहे हैं. एक प्रीमियम कॉफी चेन होने के नाते, स्टारबक्स पर अच्छी गुणवत्ता वाली बीन्स खरीदने का दबाव और भी ज्यादा है. दूसरा कारण है दूध की कीमतें. लैटे, कैपुचिनो और कोल्ड कॉफी जैसे डेयरी-आधारित पेय पदार्थों के लिए दूध बेहद जरूरी है और उसके दामों में भी हल्की बढ़ोतरी हुई है. इन दोनों वजहों से कंपनी का खर्च काफी बढ़ गया है.

किराए और पैकेजिंग ने भी बढ़ाई मुश्किल

सिर्फ कच्चे माल की ही कीमतें नहीं बढ़ी हैं. टाटा स्टारबक्स के ज्यादातर स्टोर बड़े शहरों के प्राइम लोकेशन पर हैं, जहां किराए में लगातार इजाफा हो रहा है. इसके अलावा, पैकेजिंग का खर्च भी बढ़ गया है. कंपनी को कप, ढक्कन और स्ट्रॉ जैसी चीजों पर ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं. कर्मचारियों की सैलरी और ट्रेनिंग पर होने वाला खर्च भी बढ़ा है। यह सब मिलाकर स्टोर-लेवल की लागत को काफी ऊपर ले गया है. कंपनी के लिए यह जरूरी हो गया था कि वह इस बढ़ते बोझ को ग्राहकों पर डाले. यही वजह है कि पूरे मेन्यू में 5 से 10 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है.

शेयर बाजार में दिखा सकारात्मक असर

दिलचस्प बात यह है कि कीमतें बढ़ाने की खबर आने के बाद टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयरों में तेजी देखने को मिली. एनएसई पर कंपनी के शेयर 1.42 फीसदी बढ़कर 1,129 रुपये पर पहुंच गए. पिछले बंद भाव 1,113.20 रुपये के मुकाबले यह 15.80 रुपये का उछाल था. कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 1.11 लाख करोड़ रुपये रहा. शेयर 76.14 के प्राइस-टू-अर्निंग्स मल्टीपल पर ट्रेड कर रहा था. इसका मतलब है कि निवेशकों ने इस फैसले को सकारात्मक रूप से लिया। उन्हें लगता है कि कीमतें बढ़ने से कंपनी के मुनाफे में सुधार होगा.

ग्राहकों पर क्या होगा असर?

सीधा असर यह होगा कि अब स्टारबक्स में कॉफी पीना और भी महंगा हो जाएगा. जो लोग रोजाना या सप्ताह में कई बार यहां जाते हैं, उनके खर्च में बढ़ोतरी होगी. हालांकि, यह बढ़ोतरी बहुत बड़ी नहीं है 5 से 10 फीसदी है. मगर लगातार बढ़ती महंगाई के दौर में यह भी राहत देने वाली खबर नहीं है. प्रीमियम कैफे चेन पर लागत का दबाव लगातार बना हुआ है और ऐसे में दूसरी कंपनियां भी कीमतें बढ़ा सकती हैं. फिलहाल, टाटा स्टारबक्स के ग्राहकों को अब जेब ढीली करनी होगी.