IPL 2026

रिलायंस ने खरीद लिया प्रियंका चोपड़ा का हेयरकेयर ब्रांड Anomaly, जानें कितने करोड़ में हुई डील?

रिलायंस रिटेल ने प्रियंका चोपड़ा के हेयरकेयर ब्रांड Anomaly का अधिग्रहण कर लिया है. कंपनी ने ब्रांड के ट्रेडमार्क, डिजिटल एसेट्स और बौद्धिक संपदा के पूर्ण स्वामित्व अधिकार हासिल कर लिए हैं.

@RIL_Updates
Sagar Bhardwaj

मुकेश अंबानी की रिलायंस रिटेल लिमिटेड ने गुरुवार को एक बड़ा कारोबारी फैसला लेते हुए बॉलीवुड अभिनेत्री और उद्यमी प्रियंका चोपड़ा जोनस के इंटरनेशनल हेयरकेयर ब्रांड Anomaly का अधिग्रहण कर लिया. इस डील के तहत रिलायंस को ब्रांड के ट्रेडमार्क, सभी डिजिटल संपत्तियों और बौद्धिक संपदा का पूर्ण स्वामित्व मिल गया है. कंपनी ने इस अधिग्रहण को अपने तेजी से बढ़ते ब्यूटी पोर्टफोलियो के विस्तार के रूप में देखा है. हालांकि, कंपनी की ओर से अधिग्रहण की सही राशि का खुलासा नहीं किया गया है .

कितने में हुई डील

रिलायंस रिटेल ने प्रियंका चोपड़ा के ब्रांड Anomaly को खरीदने के लिए जितनी राशि का भुगतान किया है, वह अभी सार्वजनिक नहीं की गई है.  रिपोर्ट के अनुसार, सौदे की राशि को गोपनीय रखा गया है और किसी भी आधिकारिक बयान में इसका उल्लेख नहीं किया गया है. इस अधिग्रहण के तहत रिलायंस को Anomaly का संपूर्ण बौद्धिक संपदा अधिकार, ट्रेडमार्क, ब्रांड एसेट्स और डिजिटल इकोसिस्टम हस्तांतरित किया गया है . प्रियंका चोपड़ा ने यह ब्रांड 2021 में न्यूयॉर्क स्थित ब्यूटी इनक्यूबेटर Maesa के साथ पार्टनरशिप में लॉन्च किया था, और अब यह पूरी तरह रिलायंस के स्वामित्व में आ गया है .

प्रियंका चोपड़ा होंगी Anomaly की क्रिएटिव डायरेक्टर

इस अधिग्रहण के बाद प्रियंका चोपड़ा पूरी तरह से ब्रांड से अलग नहीं हो रही हैं, बल्कि वह अब एक नई भूमिका में जुड़ी रहेंगी. रिलायंस रिटेल ने पुष्टि की है कि प्रियंका चोपड़ा जोनस ब्रांड की क्रिएटिव डायरेक्टर के रूप में बनी रहेंगी. इस भूमिका में वह ब्रांड की नवाचार योजनाओं, उत्पाद विकास और समग्र ब्रांड विजन को दिशा देने का काम करेंगी. प्रियंका ने इस डील को Anomaly के लिए एक निर्णायक क्षण बताया है और कहा है कि रिलायंस के स्केल और रिटेल एक्सपर्टीज के साथ यह ब्रांड भारत और दुनिया भर में अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंच सकेगा.

ईशा अंबानी ने क्या कहा

रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड की कार्यकारी निदेशक ईशा अंबानी ने इस अधिग्रहण को कंपनी के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण कदम बताया. उन्होंने कहा कि हम प्रियंका के साथ मिलकर इस ब्रांड को भारत में तेजी से बढ़ाएंगे और ब्रांड के अंतरराष्ट्रीय विस्तार को भी जारी रखेंगे.