मुंबई में मॉनसून की देरी और कम बारिश के बीच NCDEX पर देश का पहला वेदर डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट 'RAINMUMBAI' लॉन्च हुआ. शुरुआती महीने में ही करीब 20,000 लॉट्स का कारोबार दर्ज किया गया, जो मौसम के उतार-चढ़ाव से होने वाले वित्तीय नुकसान से बचने का एक नया और बेहतरीन जरिया बनकर उभरा है.
भारत में पहली बार लोग अब मानसून और बारिश के मिजाज पर भी सीधे व्यापार कर पा रहे हैं. इस साल मुंबई में मानसून ने उम्मीद से काफी देर से दस्तक दी, जिससे कमोडिटी मार्केट को एक बिल्कुल नया रास्ता मिल गया. नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (NCDEX) ने मई 2026 के आखिर में 'RAINMUMBAI' नाम से देश का पहला वेदर डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट पेश किया. खास बात यह है कि अपने शुरुआती महीने में ही इस कॉन्ट्रैक्ट ने बाजार में तहलका मचा दिया और करीब 20,000 लॉट्स की ट्रेडिंग दर्ज की गई. जून के महीने में जब मुंबई सूखे की मार झेल रही थी, तब इस नए फाइनेंशियल टूल ने बारिश के पूर्वानुमान को भांपने में बड़ी भूमिका निभाई.
यह कांट्रैक्ट इस बात पर निर्भर नहीं करता कि शहर में कुल कितने मिलीमीटर पानी बरसा, बल्कि इसका पूरा फोकस इस बात पर रहता है कि सामान्य मुकाबले बारिश कितनी कम या ज्यादा हुई. जून की शुरुआत में मुंबई में सालों बाद सबसे कम पानी गिरा था, जिसके चलते पानी की किल्लत का डर सताने लगा था. हालांकि महीने के आखिरी दिनों में थोड़ी राहत जरूर मिली, फिर भी कुल आंकड़ा सामान्य से काफी कम रहा. ऐसे में ऐतिहासिक औसत से होने वाले इस बड़े बदलाव को ट्रैक करने के लिए यह प्लेटफॉर्म सबसे सटीक जरिया बनकर सामने आया, जिसने व्यापारियों को आने वाले दिनों का एक साफ इशारा दे दिया.
एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, पहले महीने के दौरान हर दिन औसतन 1,000 लॉट्स का बिजनेस देखा गया।.सबसे ज्यादा चहल-पहल 15 जून को रही, जब एक ही दिन में रिकॉर्ड 2,039 लॉट्स का कारोबार हुआ. जैसे-जैसे मौसम विभाग के नए अपडेट्स आते गए, वैसे-वैसे अलग-अलग इलाकों के ट्रेडर्स और कंपनियों की दिलचस्पी इसमें बढ़ती गई. एक्सचेंज का कहना है कि शुरुआत में भले ही लोग इसे समझने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन जल्द ही इसके भावों ने मौसम के बदलते पैटर्न को पहले से ही भांपना शुरू कर दिया, जिससे इसकी विश्वसनीयता और ज्यादा मजबूत हो गई.
जैसे-जैसे मानसून आगे बढ़ेगा, बारिश के अनुमानों में उतनी ही ज्यादा अस्थिरता देखने को मिलेगी, जिससे इस कॉन्ट्रैक्ट की उपयोगिता और ज्यादा बढ़ जाएगी. फिलहाल जुलाई और सितंबर के कॉन्ट्रैक्ट्स में जो रुझान दिख रहे हैं, वे बताते हैं कि बाजार केवल मौजूदा हालात पर प्रतिक्रिया नहीं दे रहा, बल्कि आगे की स्थिति का पहले से आकलन कर रहा है. एक्सचेंज को पूरा भरोसा है कि आने वाले दिनों में लिक्विडिटी और बढ़ेगी, जिससे वे सभी कंपनियां और लोग इसका फायदा उठा सकेंगे जिनका बिजनेस सीधे तौर पर मौसम और खेती-किसानी से जुड़ा हुआ है.
एकदम नई कैटेगरी होने के नाते इस सफर में कुछ शुरुआती अड़चनें भी आ रही हैं, जिनमें सबसे बड़ा काम लोगों को इसके प्रति जागरूक करना है. अभी भी बहुत से कारोबारी और कंपनियां मौसम के जोखिम को या तो पारंपरिक बीमा के जरिए संभालते हैं या फिर उसे अपनी किस्मत मानकर नुकसान झेल लेते हैं. फिलहाल ट्रेडर्स मौसम विज्ञान के आंकड़ों और अपनी ट्रेडिंग रणनीतियों के बीच तालमेल बिठाना सीख रहे हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) से मिलने वाले आधिकारिक आंकड़ों पर आधारित यह कैश-सेटल कॉन्ट्रैक्ट सिर्फ जून से सितंबर तक के मानसून सीजन के लिए ही उपलब्ध रहेगा.