'मजबूत बनी हुई है भारत की विकास गति', वित्त वर्ष 2026 में भारत की जीडीपी ग्रोथ के आंकड़ों से गदगद हुए पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए और व्यापार को आसान बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम करती रहेगी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 7.7% रही भारत की जीडीपी ग्रोथ की सराहना की है. उन्होंने कहा कि भारत की विकास गति मजबूत बनी हुई है. एक्स पर अपने पोस्ट में पीएम ने कहा, 'भारत की विकास की गति मजबूत बनी हुई है! वित्त वर्ष 2025-26 में 7.7% और वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में जीडीपी वृद्धि दर हमारी अर्थव्यवस्था की अंतर्निहित शक्ति, सुधारों की सफलता और 140 करोड़ भारतीयों की कड़ी मेहनत दर्शाती है.'
'सुधारों की दिशा में लगातार प्रयासरत सरकार'
पीएम मोदी ने कहा कि लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए और व्यापार को आसान बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम करती रहेगी. सांख्यकी मंत्रालय द्वारा 5 जून को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 7.7 प्रतिशत रही तो अनुमानित 7.6 प्रतिशत से अधिक है. वहीं वित्त वर्ष 2025 में वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर 7.1% थी.
तिमाही वृद्धि दर में गिरावट
वहीं चौथी तिमाही में भारत की जीडीपी में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई जो वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही 8 प्रतिशत से कम है. तिमाही वृद्धि दर में गिरावट विनिर्माण क्षेत्र की वृद्धि में आई तीव्र गिरावट के कारण हुई जो तीसरी तिमाही में 12.8 प्रतिशत से गिरकर चौथी तिमाही में 7.3 प्रतिशत हो गई.