कौन हैं Nvidia की नई अंतरिम CEO कोलेट क्रेस? 11 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की मालकिन, जानें कैसे बनाई अरबों की संपत्ति
चीनी महिला जासूस से अफेयर के आरोप लगने के बाद जेनसन हुआंग ने Nvidia के सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया है.
दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी Nvidia में नेतृत्व परिवर्तन के बाद कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO नियुक्त किया गया है. कंपनी के सह-संस्थापक और लंबे समय तक CEO रहे जेनसन हुआंग ने 12 नवंबर को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद कंपनी के बोर्ड ने क्रेस को यह जिम्मेदारी सौंपी.
हुआंग का इस्तीफा उनके निजी जीवन से जुड़े दो कथित विवाहेतर संबंधों को लेकर विवाद के बीच आया. इनमें एक चीनी कारोबारी महिला के साथ संबंध का आरोप भी शामिल था, जिसके चीन से कथित संबंधों को लेकर अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने चिंता जताई थी.
कोलेट क्रेस साल 2013 से Nvidia में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) के पद पर काम कर रही हैं. अंतरिम CEO बनने के बाद भी वह वित्त विभाग की जिम्मेदारी संभालती रहेंगी. कंपनी का बोर्ड अब स्थायी CEO की तलाश कर रहा है.
Also Read
करीब 25 साल का अनुभव, टेक कंपनियों में निभाईं अहम जिम्मेदारियां
कोलेट क्रेस को टेक्नोलॉजी और वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में करीब 25 साल का अनुभव है. उन्होंने अपने करियर में कई बड़ी कंपनियों में वरिष्ठ पदों पर काम किया है. Nvidia में आने के बाद उन्होंने जेनसन हुआंग के साथ मिलकर कंपनी के वित्तीय विस्तार में अहम भूमिका निभाई.
उनके कार्यकाल में Nvidia ने ग्राफिक्स प्रोसेसर बनाने वाली कंपनी से आगे बढ़कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा सेंटर तकनीक की दुनिया में बड़ी पहचान बनाई. कंपनी के तिमाही नतीजों के दौरान क्रेस अक्सर निवेशकों को वित्तीय प्रदर्शन और भविष्य की कारोबारी योजनाओं की जानकारी देती रही हैं.
जब वह 2013 में Nvidia से जुड़ी थीं, तब कंपनी का सालाना राजस्व करीब 4.13 अरब डॉलर था. वित्त वर्ष 2026 तक यह बढ़कर लगभग 215.9 अरब डॉलर पहुंच गया. यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से AI चिप कारोबार के तेजी से विस्तार को दर्शाती है.
कहां से की पढ़ाई और कैसे शुरू हुआ करियर?
कोलेट क्रेस ने यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना से फाइनेंस में स्नातक की डिग्री हासिल की है. इसके बाद उन्होंने टेक्सास की सदर्न मेथोडिस्ट यूनिवर्सिटी से एमबीए किया.
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स से की थी. यहां उन्होंने आठ साल तक वित्त से जुड़े अलग-अलग पदों पर काम किया. इस दौरान उन्हें वित्तीय योजना और कॉर्पोरेट फाइनेंस से जुड़े कामों का अनुभव मिला.
साल 1997 में वह माइक्रोसॉफ्ट से जुड़ीं और यहां करीब 13 साल तक काम किया. 2006 में उन्हें कंपनी के सर्वर एंड टूल्स डिवीजन का CFO बनाया गया. इस भूमिका में उन्होंने वित्तीय रणनीति, योजना और रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी संभाली.
इसके बाद 2010 में उन्होंने Cisco का रुख किया. यहां वह बिजनेस टेक्नोलॉजी और ऑपरेशंस फाइनेंस संगठन की सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और CFO बनीं. उन्होंने कंपनी के अलग-अलग कारोबारी विभागों, इंजीनियरिंग और ऑपरेशंस से जुड़े वित्तीय कामकाज को संभाला.
कितनी है कोलेट क्रेस की कुल संपत्ति?
कोलेट क्रेस की संपत्ति का बड़ा हिस्सा Nvidia के शेयरों में उनकी हिस्सेदारी से जुड़ा है. फोर्ब्स की 2026 की अमेरिका की सबसे अमीर सेल्फ मेड महिलाओं की सूची के मुताबिक, 3 जून 2026 तक उनकी अनुमानित कुल संपत्ति 1.2 अरब डॉलर थी. भारतीय मुद्रा में यह करीब 11,285 करोड़ रुपये बैठती है.
इस सूची में उन्हें अमेरिका की 32वीं सबसे अमीर सेल्फ मेड महिला का स्थान दिया गया था. Nvidia के शेयरों में AI चिप्स की बढ़ती मांग के कारण आई तेजी ने उनकी संपत्ति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.
Nvidia में कितने शेयरों की मालकिन हैं क्रेस?
Nvidia की ओर से जारी 2026 के प्रॉक्सी स्टेटमेंट के अनुसार, 23 मार्च 2026 तक कोलेट क्रेस के पास कंपनी के 44,43,523 शेयर थे. हालांकि, यह कंपनी के कुल बकाया शेयरों के एक प्रतिशत से भी कम है.
कंपनी की 2026 की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष के दौरान क्रेस को कुल करीब 1.434 करोड़ डॉलर का मुआवजा मिला. इसमें वेतन, शेयर अवॉर्ड, प्रोत्साहन राशि और अन्य लाभ शामिल थे. उनके मुआवजे का एक बड़ा हिस्सा कंपनी के शेयरों से जुड़ा हुआ है.
Nvidia के लिए कितनी अहम होगी क्रेस की भूमिका?
कोलेट क्रेस को ऐसे समय कंपनी की कमान मिली है, जब Nvidia वैश्विक AI उद्योग की सबसे महत्वपूर्ण कंपनियों में शामिल है. उसके प्रोसेसर का इस्तेमाल AI मॉडल विकसित करने और उन्हें चलाने वाले डेटा सेंटर और कंप्यूटिंग सिस्टम में किया जाता है.
कंपनी के सामने फिलहाल कारोबार की रफ्तार बनाए रखने, निवेशकों का भरोसा कायम रखने और नए CEO के चयन तक नेतृत्व में स्थिरता बनाए रखने की चुनौती है.
इस बीच Nvidia के लंबे समय से बोर्ड सदस्य रहे हार्वे सी. जोन्स को कंपनी का पहला चेयरमैन नियुक्त किया गया है. जोन्स 1993 में कंपनी की स्थापना के समय से ही इसके बोर्ड से जुड़े हुए हैं.
कोलेट क्रेस के पास कंपनी के वित्तीय कामकाज और कारोबार को करीब से समझने का लंबा अनुभव है. ऐसे में उनसे उम्मीद की जा रही है कि वह नेतृत्व परिवर्तन के इस दौर में Nvidia के कारोबार को मजबूती से आगे बढ़ाएंगी.