मोदी ने मेलोनी को गिफ्ट की 'मेलोडी', निवेशकों के साथ हो गया बड़ा गेम, गलत कंपनी में लगा दिए पैसे

पीएम मोदी द्वारा इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी को 'मेलोडी' टॉफी गिफ्ट करने का वीडियो वायरल होने के बाद निवेशकों ने गलती से मिलते-जुलते नाम वाली 'पार्ले इंडस्ट्रीज' के शेयर खरीद लिए जिससे उसके भाव अचानक बढ़ गए.

social media
Kuldeep Sharma

सोशल मीडिया के एक मजेदार ट्रेंड की वजह से शेयर बाजार में एक अजीब वाकया देखने को मिला है. हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात के दौरान उन्हें Melody टॉफी का एक पैकेट गिफ्ट किया है. मेलोनी ने इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए पीएम मोदी को शुक्रिया कहा जिसके बाद यह वीडियो इंटरनेट पर जबरदस्त वायरल हो गया.

इस वीडियो के वायरल होते ही शेयर बाजार के निवेशकों के बीच 'पार्ले इंडस्ट्रीज लिमिटेड' के शेयर खरीदने की होड़ मच गई और कंपनी के शेयर में अपर सर्किट लग गया. देखते ही देखते शेयर की कीमत करीब 5 रुपये से बढ़कर 5.25 रुपये पर पहुंच गई.

नाम के चक्कर में धोखा खा गए इन्वेस्टर

मजेदार बात यह है कि जिस मशहूर मेलोडी टॉफी की वजह से यह सब हुआ उसे 'पार्ले प्रोडक्ट्स' नाम की कंपनी बनाती है. पार्ले प्रोडक्ट्स एक प्राइवेट कंपनी है और शेयर बाजार में लिस्टेड ही नहीं है. लेकिन निवेशकों ने सिर्फ नाम की समानता के कारण गलती से 'पार्ले इंडस्ट्रीज' के शेयर खरीदने शुरू कर दिए. फिलहाल इस कंपनी की कुल मार्केट वैल्यू करीब 25.6 करोड़ रुपये है.

कैसा है कंपनी का परफॉर्मेंस?

भले ही इस वायरल ट्रेंड की वजह से शेयर में अचानक तेजी आ गई हो लेकिन लंबे समय में इस कंपनी का परफॉर्मेंस बेहद खराब रहा है. यह एक 'पैनी स्टॉक' है और कंपनी कोई डिविडेंड भी नहीं देती. इस साल अब तक यह शेयर करीब 41 फीसदी टूट चुका है. पिछले एक साल में इसमें लगभग 68 फीसदी और पिछले छह महीनों में करीब 45 फीसदी की गिरावट आ चुकी है.

क्या था 'मेलोडी' का कनेक्शन?

दरअसल सोशल मीडिया पर लोग पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी के नाम को मिलाकर मजाक में #Melodi लिखते हैं. जब पीएम मोदी ने मेलोनी को सच में 'मेलोडी' टॉफी गिफ्ट की तो यह वीडियो देखते ही देखते करोड़ों व्यूज बटोर ले गया.

बाजार के जानकारों का कहना है कि सिर्फ ट्रेंडिंग खबरों या मिलते-जुलते नामों के चक्कर में बिना सोचे-समझे निवेश करना बहुत जोखिम भरा हो सकता है. यह दोनों कंपनियां बिल्कुल अलग हैं. जहां पार्ले प्रोडक्ट्स मेलोडी, पार्ले-जी और मोनको जैसे बिस्कुट-टॉफी बनाती है वहीं पार्ले इंडस्ट्रीज का काम इंफ्रास्ट्रक्चर और रियल एस्टेट से जुड़ा है.