menu-icon
India Daily

सोना-चांदी और बिटकॉइन क्रैश को रॉबर्ट कियोसाकी ने बताया ‘महासेल’, निवेशकों को बताया किसमें करें निवेश?

सोना, चांदी और बिटकॉइन में आई हालिया गिरावट को निवेशक रॉबर्ट कियोसाकी नुकसान नहीं बल्कि मौका मान रहे हैं. उनका कहना है कि डरने के बजाय समझदारी से खरीदारी करने का यही सही समय है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
सोना-चांदी और बिटकॉइन क्रैश को रॉबर्ट कियोसाकी ने बताया ‘महासेल’, निवेशकों को बताया किसमें करें निवेश?
Courtesy: social media

वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव के बीच सोना, चांदी और बिटकॉइन की कीमतों में तेज गिरावट ने निवेशकों को चिंता में डाल दिया है. लेकिन मशहूर निवेशक और 'रिच डैड पुअर डैड' के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी इस गिरावट को अलग नजरिए से देख रहे हैं. उनके मुताबिक, यह गिरावट डरने का नहीं बल्कि समझदारी से निवेश बढ़ाने का मौका है, जिसे आम निवेशक अक्सर पहचान नहीं पाते. 

गिरावट को 'सेल' क्यों बता रहे हैं कियोसाकी

रॉबर्ट कियोसाकी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जैसे वॉलमार्ट में सेल लगते ही लोग सस्ते सामान खरीदने दौड़ पड़ते हैं, वैसे ही एसेट मार्केट में गिरावट को भी 'सेल' की तरह देखना चाहिए. उनके अनुसार, जब कीमतें गिरती हैं तो डरकर बेचने के बजाय भविष्य की सोच रखने वाले निवेशक खरीदारी करते हैं. यही सोच अमीर और आम निवेशकों के बीच फर्क पैदा करती है.

अमीर और आम निवेशकों की सोच में फर्क

कियोसाकी का कहना है कि आम लोग गिरावट को खतरा मानते हैं, जबकि अमीर लोग इसे अवसर समझते हैं. उन्होंने साफ कहा कि सोना, चांदी और बिटकॉइन में आई गिरावट उनके लिए खरीदारी का मौका है. इसी वजह से वह नकदी संभालकर बैठे हैं, ताकि कीमतें और गिरीं तो ज्यादा निवेश कर सकें.

गिरावट की बड़ी वजह क्या रही

बाजार जानकारों के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा फेडरल रिजर्व के नए चेयरमैन के तौर पर केविन वॉश के नामांकन के बाद बाजार में दबाव बढ़ा. इसके अलावा सोना और चांदी हाल के दिनों में अपने 200 दिवसीय मूविंग एवरेज से काफी ऊपर चले गए थे, जहां से करेक्शन आना स्वाभाविक माना जाता है. डॉलर की मजबूती ने भी कीमतों पर असर डाला.

आगे क्या कहता है बाजार का संकेत

हालांकि गिरावट के बाद अब बाजार में हल्की रिकवरी देखी जा रही है. चांदी की औद्योगिक मांग मजबूत बनी हुई है, जिससे आगे कीमतों में सुधार की उम्मीद है. एमसीएक्स पर हालिया उछाल के बाद सोना करीब 1,48,554 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,50,436 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई है. निवेशकों के लिए यह समय सोच-समझकर फैसले लेने का है.