menu-icon
India Daily

Uber-Ola में अब राइड से पहले नहीं मांग सकेंगे 'एडवांस टिप', कैब बुकिंग पर सरकार का बड़ा आदेश; जानें क्या बदला

सरकार ने Uber, Ola और दूसरे कैब एग्रीगेटर्स को राइड पूरी होने से पहले टिप मांगने वाले विकल्प हटाने का निर्देश दिया है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
Uber-Ola में अब राइड से पहले नहीं मांग सकेंगे 'एडवांस टिप', कैब बुकिंग पर सरकार का बड़ा आदेश; जानें क्या बदला
Courtesy: AI

Ola Uber Rapido Advance Tip Banned: कैब बुक करने वाले यात्रियों के लिए सरकार ने बड़ा बदलाव किया है. सड़क परिवहन मंत्रालय ने एग्रीगेटर कंपनियों से राइड शुरू होने या पूरी होने से पहले दिखने वाले टिप विकल्प हटाने को कहा है. नए निर्देश का मकसद यह साफ करना है कि टिप देने से कैब जल्दी मिलने या ड्राइवर के राइड स्वीकार करने पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

राइड से पहले टिप मांगने पर रोक

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने मोटर वाहन एग्रीगेटर कंपनियों को अपने ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म की समीक्षा करने का निर्देश दिया है। मंत्रालय के अनुसार, राइड बुक करते समय या सफर शुरू होने से पहले ऐसा कोई टिप विकल्प नहीं दिखना चाहिए, जिससे यात्री को लगे कि अतिरिक्त पैसे देने पर कैब जल्दी मिल सकती है. इसी तरह टिप को ड्राइवर के राइड स्वीकार करने, ड्राइवर के चुनाव, इंतजार के समय या सर्विस की गुणवत्ता से जोड़ने वाला कोई संदेश भी नहीं होना चाहिए. सरकार का यह निर्देश मोटर वाहन एग्रीगेटर दिशानिर्देश, 2025 के नियमों के तहत जारी किया गया है.

'जल्दी कैब पाने के लिए टिप' वाला सिस्टम खत्म

सरकार की नजर उन ऐप फीचर्स पर है, जिनमें बुकिंग के दौरान 'एडवांस टिप', 'ऐड-ऑन चुनें' या जल्दी राइड कन्फर्म होने की संभावना बढ़ाने जैसे संदेश दिखाए जा रहे थे. ऐसे विकल्प यात्रियों को यह सोचने पर मजबूर कर सकते हैं कि ज्यादा पैसे देने से उनकी बुकिंग को फायदा मिलेगा. नए निर्देश में साफ किया गया है कि कोई भी ऐप सीधे या इशारे में ऐसा संदेश नहीं दे सकता. एग्रीगेटर्स को बिना देरी जरूरी बदलाव करने और अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म को 2025 के दिशानिर्देशों के मुताबिक बनाने को कहा गया है. यानी अब यात्री को राइड मिलने से पहले अतिरिक्त रकम देने के लिए प्रेरित नहीं किया जा सकेगा.

राइड के बाद दे सकेंगे ड्राइवर को टिप

इस फैसले का मतलब यह नहीं है कि ड्राइवरों को टिप देना पूरी तरह बंद हो गया है. नियमों के मुताबिक यात्री सफर पूरा होने के बाद अपनी इच्छा से ड्राइवर को टिप दे सकता है. खास बात यह है कि टिप का पूरा पैसा ड्राइवर को ही मिलना चाहिए और एग्रीगेटर उसमें से कोई हिस्सा नहीं काट सकता. 2025 की गाइडलाइन के क्लॉज 14.15 में साफ लिखा है कि टिप का विकल्प सिर्फ यात्रा पूरी होने के बाद दिखाई दे सकता है और बुकिंग, यात्रा शुरू होने या यात्रा के दौरान उपलब्ध नहीं होना चाहिए. सरकार का ताजा कदम इसी नियम को ऐप्स पर सख्ती से लागू कराने की दिशा में है.