T20 World Cup 2026

केंद्रीय कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, 8वें वेतन आयोग में 66% सैलरी हाइक की तैयारी, बदल जाएगा दशकों पुराना नियम!

8वें वित्त आयोग को लेकर चर्चाएं तेज हैं. फैमिली यूनिट को 3 से बढ़ाकर 5 करने की मांग मान ली गई, तो फिटमेंट फैक्टर में सुधार के जरिए केंद्रीय कर्मचारियों की बेसिक सैलरी में 66 प्रतिशत तक का इजाफा हो सकता है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: सरकारी कर्मचारियों के लिए 8वें वित्त आयोग की सुगबुगाहट एक बड़ी खुशखबरी लेकर आई है. नेशनल काउंसिल (ज्वाइंट कंसल्टेटिव मशिनरी) की हालिया बैठक में वेतन संशोधन के लिए एक क्रांतिकारी प्रस्ताव रखा गया है. प्रस्ताव यह है कि वेतन गणना के लिए इस्तेमाल होने वाले 'फैमिली यूनिट' के फॉर्मूले को बदला जाए. यदि यह मांग स्वीकार होती है, तो फिटमेंट फैक्टर पर इसका सीधा असर पड़ेगा, जिससे कर्मचारियों की सैलरी में अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.

वेतन आयोग में बेसिक पे तय करने के लिए 1956 के 15वें इंडियन लेबर कॉन्फ्रेंस के फॉर्मूले का पालन किया जाता है. 'आल इंडिया डिफेंस एम्पलॉयी फेडरेशन' के अनुसार अब तक केवल तीन फैमिली यूनिट को ही आधार माना जाता था. इसी आधार पर दशकों से कर्मचारियों का वेतन तय होता रहा है. लेकिन बदलते सामाजिक और आर्थिक परिवेश में अब इस पुराने फॉर्मूले को अपर्याप्त माना जा रहा है. जिससे बदलाव की मांग उठी है.

यूनिट बढ़ाने की ठोस वजह 

फैमिली यूनिट को 3 से बढ़ाकर 5 करने के पीछे तर्क यह है कि आज अभिभावकों पर बच्चों की कानूनी जिम्मेदारी बढ़ गई है. साथ ही एकल परिवारों के बढ़ते चलन के बीच बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल भी कर्मचारियों के जिम्मे है. विशेषज्ञों का मानना है कि माता-पिता को फैमिली यूनिट का हिस्सा बनाना नैतिक और सामाजिक रूप से अनिवार्य है, ताकि कर्मचारी अपने परिवार का बेहतर भरण-पोषण कर सकें और उनकी सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.

बेसिक पे पर 66% का असर 

इस बदलाव का गणित बहुत सीधा और प्रभावी है. आर्थिक रिपोर्ट्स बताती हैं कि यदि फैमिली यूनिट में एक सदस्य बढ़ता है, तो बेसिक पे में लगभग 33.33 प्रतिशत की वृद्धि होने की संभावना रहती है. ऐसे में दो यूनिट बढ़ने पर सैलरी में कुल 66 प्रतिशत तक का उछाल आ सकता है. यह फिटमेंट फैक्टर को नई ऊंचाई पर ले जाएगा, जिससे निचले स्तर से लेकर उच्च अधिकारियों तक के वेतन ढांचे में व्यापक बदलाव आएगा.

फिटमेंट फैक्टर का नया गणित 

फिटमेंट फैक्टर वह पैमाना है जो पुराने वेतन को नए ढांचे में बदलता है. वर्तमान में यदि फिटमेंट फैक्टर 1.76 रहता है, तो 78,000 रुपये बेसिक पे पाने वाले कर्मचारी का वेतन लगभग 1,38,688 रुपये होगा. लेकिन 5 फैमिली यूनिट के नियम के साथ यह फिटमेंट फैक्टर बढ़कर 2.42 हो सकता है. इस स्थिति में उसी कर्मचारी का बेसिक पे छलांग लगाकर सीधे 1,90,676 रुपये तक पहुंच सकता है, जो एक ऐतिहासिक वृद्धि होगी.