10 लाख से कम कीमत में आएंगे Aircross और Basalt के नये वेरियंट, फीचर्स होंगे ज्यादा
Citroen भारतीय बाजार में Aircross और Basalt के नए वेरिएंट लाने की तैयारी कर रही है. इनमें अतिरिक्त फीचर्स और कुछ बाहरी बदलाव मिल सकते हैं. कंपनी का लक्ष्य कम कीमत में बेहतर वैल्यू देना है.
Citroen भारतीय कार बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए लगातार नए प्रयोग कर रही है. अब कंपनी Aircross और Basalt के अपडेटेड वेरिएंट पेश करने की तैयारी में है. दोनों मॉडल को लेकर टीजर जारी किया गया है. माना जा रहा है कि नए वर्जन में ज्यादा फीचर्स मिलेंगे, जबकि कीमत को प्रतिस्पर्धी रखने की कोशिश होगी.
Aircross और Basalt के नए वर्जन की तैयारी
Citroen ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नए मॉडल्स का टीजर जारी किया है, हालांकि इसमें गाड़ियों की पूरी तस्वीर सामने नहीं आई है. सिर्फ उनकी बाहरी रूपरेखा दिखाई गई है. इससे संकेत मिलता है कि Aircross और Basalt के नए वेरिएंट जल्द बाजार में आ सकते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इन दोनों कारों के मिड-स्पेक वर्जन पर आधारित नए Plus वेरिएंट पेश कर सकती है. इनमें ऐसे अतिरिक्त फीचर्स जोड़े जाने की उम्मीद है, जो अभी महंगे वेरिएंट में मिलते हैं. कंपनी कुछ नए एक्सटीरियर एलिमेंट भी पैकेज के तौर पर दे सकती है.
इंजन में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं
नए वेरिएंट्स में कंपनी का मुख्य फोकस फीचर्स और वैल्यू बढ़ाने पर हो सकता है. रिपोर्ट्स के अनुसार, Aircross और Basalt के इन नए मॉडल्स में 1.2 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलने की संभावना है. पावरट्रेन में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है. मौजूदा पोर्टफोलियो में कंपनी 1.2 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड और 1.2 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन देती है. ट्रांसमिशन विकल्पों में 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक शामिल हैं. ऐसे में नए वर्जन में ग्राहकों को इंजन के बजाय फीचर्स और कीमत के स्तर पर ज्यादा बदलाव देखने को मिल सकता है.
Also Read
कीमत 10 लाख से नीचे रखने पर जोर
Citroen Aircross X की मौजूदा एक्स-शोरूम कीमत 8.89 लाख रुपये से शुरू होती है, जबकि Basalt की शुरुआती कीमत 8.55 लाख रुपये है. ऐसे में कंपनी के नए वेरिएंट भी 10 लाख रुपये के आसपास के बजट में ग्राहकों को आकर्षित कर सकते हैं. कंपनी की कोशिश मिड-स्पेक वेरिएंट में ऐसे फीचर्स उपलब्ध कराने की हो सकती है, जो आम तौर पर ऊंचे वेरिएंट में मिलते हैं. इससे दोनों कारें अपने सेगमेंट में बेहतर वैल्यू फॉर मनी विकल्प बन सकती हैं. हालांकि नए वेरिएंट की सटीक कीमत और फीचर्स की जानकारी कंपनी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी.
बिक्री बढ़ाना भी कंपनी की बड़ी चुनौती
Citroen के लिए नए वेरिएंट सिर्फ पोर्टफोलियो विस्तार का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि बिक्री बढ़ाने की कोशिश भी हैं. जुलाई में कंपनी ने कुल 835 यूनिट कारें बेचीं. पिछले साल जुलाई की तुलना में बिक्री 69 प्रतिशत बढ़ी, लेकिन जून के मुकाबले इसमें 5 प्रतिशत की कमी आई. जुलाई में Aircross की सिर्फ 45 यूनिट और Basalt की 29 यूनिट बिक्री दर्ज हुई. ऐसे में कंपनी की नजर अब ज्यादा ग्राहकों तक पहुंच बनाने पर है. नए फीचर्स, मिड-स्पेक वेरिएंट और प्रतिस्पर्धी कीमत के जरिए Citroen इन दोनों मॉडलों की बिक्री में सुधार लाने की कोशिश कर सकती है.