दमदार वापसी के साथ 2026 Isuzu V-Cross लॉन्च, अब सिर्फ 4x4 अवतार में मिलेगी पावर और प्रीमियम फीचर्स

Isuzu ने भारत में 2026 V-Cross को लॉन्च करते हुए बड़ा बदलाव किया है. अब यह पिकअप केवल 4x4 वेरिएंट में ही उपलब्ध होगा और 4x2 मॉडल को बंद कर दिया गया है.

CarsInPixels @cars_pixels
Reepu Kumari

नई दिल्ली: जापानी वाहन निर्माता Isuzu Motors की भारतीय इकाई Isuzu Motors India ने अपने लोकप्रिय पिकअप ट्रक Isuzu V-Cross का 2026 मॉडल आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है. इस बार कंपनी ने रणनीतिक बदलाव करते हुए 4x2 वेरिएंट को पूरी तरह बंद कर दिया है.

अब नया मॉडल केवल 4x4 कॉन्फिगरेशन में उपलब्ध होगा, जिससे इसे ज्यादा ऑफ-रोड सक्षम और प्रीमियम पोजिशनिंग देने की कोशिश की गई है. भारतीय बाजार में इसका सीधा मुकाबला Toyota Hilux से माना जा रहा है.

बदला हुआ एक्सटीरियर डिजाइन

नए मॉडल के बाहरी लुक में हल्के लेकिन प्रभावी बदलाव किए गए हैं. फ्रंट ग्रिल और बंपर को नया डिजाइन दिया गया है, जिससे ट्रक ज्यादा मस्क्युलर दिखाई देता है. ग्रिल पर ब्लैक लोअर लिप जोड़ी गई है और बंपर में पहले की तुलना में कम क्लैडिंग दी गई है. इसके अलावा 18 इंच के नए डिजाइन वाले अलॉय व्हील्स इसे ताजा और मजबूत अपील देते हैं.

केबिन में प्रीमियम अनुभव

असली बदलाव केबिन में देखने को मिलते हैं. अब इसमें 10.3 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जो वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो को सपोर्ट करता है. इसके साथ 360 डिग्री कैमरा पार्किंग को आसान बनाता है. टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और 8 स्पीकर्स वाला साउंड सिस्टम भी जोड़ा गया है, जिससे केबिन ज्यादा प्रीमियम महसूस होता है.

जन और परफॉर्मेंस

इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इसमें 1.9 लीटर टर्बोचार्ज्ड डीजल इंजन मिलता है, जो 161 bhp की पावर और 360 Nm का टॉर्क देता है. ट्रांसमिशन के लिए 6 स्पीड मैनुअल और 6 स्पीड ऑटोमैटिक विकल्प उपलब्ध हैं. शिफ्ट ऑन द फ्लाई 4WD सिस्टम स्टैंडर्ड दिया गया है, जिससे चलते समय भी ड्राइव मोड बदला जा सकता है.

सुरक्षा फीचर्स

सुरक्षा के मामले में मॉडल को मजबूत बनाया गया है. इसमें 6 एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ट्रैक्शन कंट्रोल और हिल डिसेंट कंट्रोल जैसे फीचर्स दिए गए हैं. ये सभी फीचर्स इसे हाईवे और ऑफ-रोड दोनों स्थितियों में ज्यादा सुरक्षित बनाते हैं.

कीमत और वेरिएंट

2026 V-Cross की एक्स-शोरूम कीमत 25.50 लाख रुपये से शुरू होकर 30.28 लाख रुपये तक जाती है. यह 4WD MT Z, 4WD MT Z Prestige और 4WD AT Z Prestige वेरिएंट्स में उपलब्ध है. कंपनी ने इसे स्पष्ट रूप से प्रीमियम और एडवेंचर सेगमेंट के ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश किया है.