बार-बार चाबी गुम होना सिर्फ भूल नहीं, हो सकता है बड़ा वास्तु संकेत; जानें इसके पीछे का राज
बार-बार चाबी खोना केवल लापरवाही नहीं, बल्कि धार्मिक मान्यताओं और वास्तु शास्त्र के अनुसार जीवन की अव्यवस्था, नकारात्मक ऊर्जा और अस्थिरता का संकेत हो सकता है.
नई दिल्ली: घर की चाबियां भले ही छोटी चीज लगती हों लेकिन रोजमर्रा की जिंदगी में उनका महत्व बहुत बड़ा होता है. कई लोग रोज अपनी चाबी ढूंढते नजर आते हैं. कभी टेबल पर, कभी बैग में तो कभी घर के किसी कोने में. अगर आपके साथ भी ऐसा बार-बार हो रहा है तो इसे सिर्फ लापरवाही मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
धार्मिक मान्यताओं और वास्तु शास्त्र के अनुसार, यह जीवन में अव्यवस्था, अस्थिरता और नकारात्मक ऊर्जा का संकेत हो सकता है. धार्मिक मान्यताओं में चाबी को सुरक्षा, नियंत्रण और स्थिरता का प्रतीक माना जाता है. बार-बार चाबी खोना इस बात का संकेत माना जाता है कि व्यक्ति अपने फैसलों, कामों या जिम्मेदारियों पर पूरी पकड़ नहीं बना पा रहा है.
क्या कहता है वास्तु शास्त्र?
कुछ मान्यताओं में इसे ग्रहों के असंतुलन और नकारात्मक ऊर्जा से भी जोड़ा जाता है, खासकर तब जब घर में लगातार छोटी-छोटी चीजें खोने लगें. वास्तु शास्त्र के अनुसार चाबियों के लिए एक तय और साफ स्थान होना बहुत जरूरी है. चाबियां उत्तर या पूर्व दिशा में रखना शुभ माना जाता है. घर के मुख्य दरवाजे के पास दीवार पर की-होल्डर लगाना बेहतर माना जाता है, ताकि चाबियां हमेशा एक ही जगह पर रहें और आसानी से मिल सकें.
Also Read
कहां रखना चाहिए चाबी?
यह भी कहा जाता है कि चाबियां ऐसी जगह रखें जो साफ हो, आसानी से दिखे और पहुंच में हो. चाबियों को जमीन के बहुत पास या गंदी जगह पर रखना अशुभ माना जाता है. इससे घर की सकारात्मक ऊर्जा प्रभावित हो सकती है.
कहां नहीं रखना चाहिए चाबी?
कुछ गलतियां ऐसी हैं जिनसे बचना चाहिए. चाबियों को किचन, गैस स्टोव या बाथरूम के पास नहीं रखना चाहिए. बेड या तकिए के नीचे चाबी रखना भी वास्तु के अनुसार अच्छा नहीं माना जाता. इससे मानसिक तनाव और अस्थिरता बढ़ सकती है.
इसके अलावा चाबियों को अलग-अलग जगहों पर बिखरा कर रखना भी सही नहीं माना जाता. पुरानी, टूटी या बेकार चाबियों को घर में जमा करके रखना नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ा सकता है. ऐसी चाबियों को समय पर हटा देना चाहिए.
और किन-किन चीजों पर पड़ता है असर?
हालांकि केवल धार्मिक या वास्तु कारण ही नहीं, बार-बार चाबी खोना आपकी दिनचर्या, तनाव और फोकस की कमी का भी संकेत हो सकता है. अगर व्यक्ति बहुत ज्यादा तनाव में है या काम के दबाव में है, तो छोटी चीजों को भूलना सामान्य हो सकता है.