IPL 2026

घर में बढ़ानी है पॉजिटिविटी तो आजमाएं नवरात्रि में कपूर का ये उपाय, मिलेगा चमत्कारी रिजल्ट

चैत्र नवरात्रि के दौरान कपूर के उपाय करने से घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और सकारात्मक माहौल बनता है. पूजा में कपूर और लौंग का उपयोग विशेष रूप से शुभ माना गया है.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्रि का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है. इस बार नवरात्रि की शुरुआत 19 मार्च से हुई है और पूरे नौ दिनों तक मां दुर्गा के अलग-अलग रूपों की पूजा की जाती है. इन पवित्र दिनों में पूजा-पाठ के साथ कपूर का उपयोग करना बेहद शुभ माना जाता है. लोक मान्यताओं के अनुसार, नवरात्रि में कपूर के उपाय करने से घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.

नवरात्रि के दौरान मां भगवती की पूजा में कपूर का विशेष स्थान होता है. ऐसा माना जाता है कि कपूर जलाने से वातावरण शुद्ध होता है और मन को शांति मिलती है. प्राचीन परंपराओं के अनुसार, यदि हवन के समय 48 लौंग और 6 कपूर अर्पित किए जाएं तो मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है. इसके अलावा कमल के फूल की पत्तियों पर मक्खन और मिश्री लगाकर मां को अर्पित करना भी शुभ फल देने वाला माना जाता है.

क्या-क्या होते हैं इसके फायदे?

यदि आपके जीवन में बार-बार रुकावटें आ रही हैं या काम बनते-बनते बिगड़ जाते हैं, तो नवरात्रि में कपूर का उपाय करना लाभकारी हो सकता है. पूजा के समय एक दीपक में कपूर और लौंग का जोड़ा रखकर जलाएं और मां दुर्गा की आराधना करें. शाम के समय घर में कपूर और लौंग जलाने से सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और नकारात्मकता दूर होती है.

वास्तु और ज्योतिष के अनुसार घर में मौजूद नकारात्मक ऊर्जा कई समस्याओं का कारण बन सकती है. ऐसे में नवरात्रि के दिनों में शाम के समय कपूर को घी में डुबोकर जलाना चाहिए. इस उपाय से घर का वातावरण शुद्ध होता है और मानसिक तनाव भी कम होता है. नियमित रूप से ऐसा करने से घर में सुख-शांति बनी रहती है.

कब कपूर जलाना होता है शुभ?

नवरात्रि के दौरान रोजाना शाम की पूजा में कपूर जलाना और उसके बाद मां दुर्गा की आरती करना बेहद शुभ माना जाता है. इसके अलावा कपूर और लौंग का धुआं पूरे घर में फैलाने से भी नकारात्मक ऊर्जा खत्म होती है. अगले दिन उस राख को बहते जल में प्रवाहित करना चाहिए, जिससे वातावरण और भी पवित्र बना रहता है.

इन सरल उपायों को अपनाकर नवरात्रि के दौरान घर में सकारात्मकता और शांति लाई जा सकती है. यह उपाय न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं बल्कि मानसिक सुकून देने में भी सहायक माने जाते हैं.