पश्चिम बंगाल में मौसम ने लिया यू टर्न, 142 सीटों पर वोटिंग के दिन गरज-चमक के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में आज 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान होना है. इन सीटों वाले जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी.

Pinterest
Reepu Kumari

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी चरम पर है और ठीक उसी समय प्रकृति भी अपना रंग दिखाने को तैयार है. दूसरे और अंतिम चरण की 142 विधानसभा सीटों पर 29 अप्रैल को वोटिंग है, लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी ने सबको चिंता में डाल दिया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार को विशेष बुलेटिन जारी कर दक्षिण बंगाल में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं की भविष्यवाणी की है.

चिलचिलाती गर्मी से मिलेगी राहत 

कोलकाता और आसपास के इलाकों में पिछले दिनों चिलचिलाती गर्मी पड़ रही थी. लू जैसे हालात में बारिश की खबर आम लोगों के लिए तो राहत भरी है, लेकिन मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने का खतरा भी मंडरा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 29 अप्रैल को मतदाता जब बूथों पर पहुंचेंगे, तब आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. निर्वाचन आयोग अब इन परिस्थितियों में मतदान सुचारू रखने की तैयारियों में जुटा हुआ है.

प्रभावित जिलों में अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व बर्धमान, बांकुड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और वज्रपात की भी संभावना है. 

तेज हवाएं और वज्रपात का खतरा

IMD के मुताबिक इन इलाकों में हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. अगले एक सप्ताह तक मेघगर्जन और बिजली गिरने की प्रबल आशंका है, जो 3 मई तक जारी रह सकती है. मतदान केंद्रों पर खड़ी भीड़ और इलेक्ट्रॉनिक मशीनों की सुरक्षा को देखते हुए यह चेतावनी काफी गंभीर मानी जा रही है.

उत्तर बंगाल में भारी बारिश का अनुमान

दक्षिण बंगाल में आंधी-पानी के साथ-साथ उत्तर बंगाल के पहाड़ी क्षेत्रों में भी भारी बारिश होने वाली है. दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरदुआर, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में 3 मई तक मूसलाधार बारिश का अनुमान लगाया गया है. समुद्री लहरों को देखते हुए मछुआरों को 2 मई तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.

गर्मी से राहत लेकिन चुनावी चुनौती

पिछले कई दिनों से दक्षिण बंगाल में तापमान सामान्य से काफी ऊपर चल रहा था. भीषण गर्मी के बीच बारिश की यह संभावना लोगों को राहत दे रही है, पर निर्वाचन आयोग के लिए यह बड़ी चुनौती है. मतदान प्रतिशत पर असर पड़ने की आशंका के साथ प्रशासन ने सभी जरूरी इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं ताकि मौसम के बावजूद मतदान सुचारू रूप से हो सके.