Sawan 2026 Commonwealth Games 2026

'हर बुझता हुआ दीया...', पीएम मोदी ने पहले चरण के मतदान को TMC के 'जंगल राज' के अंत की शुरुआत बताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल चुनाव के पहले चरण के रिकॉर्ड मतदान को टीएमसी के 'महा जंगल राज' के अंत की शुरुआत बताया. उन्होंने दम दम रैली में कहा कि भाजपा 4 मई को राज्य में सरकार बनाएगी और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी.

ani
Kuldeep Sharma

दम दम: शुक्रवार को चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में हुए रिकॉर्ड मतदान को तृणमूल कांग्रेस के लंबे समय से चले आ रहे 'महा जंगल राज' के अंत की शुरुआत करार दिया. उन्होंने जोर देकर कहा कि 4 मई को नतीजे घोषित होते ही भाजपा राज्य में सरकार बनाएगी. पीएम मोदी ने महिलाओं के भारी समर्थन के लिए आभार जताया और टीएमसी को महिला विरोधी पार्टी बताया. यह मोदी का पहले चरण के मतदान के बाद राज्य में पहला बड़ा कार्यक्रम था.

महिला मतदाताओं को सलाम

पीएम मोदी ने रैली में महिलाओं का विशेष रूप से शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि टीएमसी महिलाओं को आगे बढ़ने नहीं देना चाहती. भाजपा के लिए महिलाओं की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है. मोदी ने आरजी कर रेप-मर्डर मामले की पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ को भाजपा द्वारा टिकट दिए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी महिलाओं के साथ खड़ी है. उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी शासन में महिलाओं के सपनों को कुचला जा रहा है.

टीएमसी गुंडों में बौखलाहट

रैली में मोदी ने कहा कि चुनाव हारने की आशंका से टीएमसी के गुंडे बौखला गए हैं. उन्होंने दावा किया कि कल के मतदान में भाजपा के पक्ष में दिखा समर्थन उसकी जीत का शंखनाद है. पीएम ने आरोप लगाया कि टीएमसी ने लोकतंत्र के मंदिर को कुचल दिया था, लेकिन पहले चरण में ही लोग उस मंदिर को फिर से खड़ा करने लगे हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आकर भ्रष्टाचार, गलत शासन और घुसपैठियों से लोगों को मुक्ति दिलाएगी. 


महिलाओं के खिलाफ अत्याचारों की दोबारा जांच की गारंटी

मोदी ने टीएमसी को चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनते ही राज्य में महिलाओं के खिलाफ हुए सभी अत्याचारों की जांच फिर शुरू की जाएगी. उन्होंने इसे 'मोदी की गारंटी' बताया. पीएम ने जोर दिया कि बंगाल की बेटियां न्याय मांग रही हैं, लेकिन टीएमसी उन्हें घर में रहने की सलाह देती है. उन्होंने वादा किया कि भाजपा किसी को भी बंगाल की बेटियों के सपनों को रौंदने नहीं देगी.

आयुष्मान भारत लागू होगा

पीएम मोदी ने ऐलान किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना लागू की जाएगी. इसके तहत लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा. उन्होंने कहा कि भाजपा अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने पर जोर देती है, इसी वजह से लोगों का लगातार समर्थन मिल रहा है. दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा और नतीजे 4 मई को आएंगे.