बंगाल में नतीजों के ऐलान पहले बीजेपी जिला सचिव के घर पर चली गोली, बोले- 'पुलिस नहीं दे पा रही पर्याप्त सुरक्षा'
हमले के बाद सिंह ने आरोप लगाया कि दो लोगों ने उनके घर पर गोलीबारी की. उन्होंने आगे कहा कि यह हमला बीजेपी के कार्यकर्ताओं को डराने के लिए किया गया था.
पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद भी हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही है. शनिवार रात को दो बंदूकधारियों ने बंगाल के नोआपारा में बीजेपी के संगठनात्मक सचिव कुंदन सिंह के घर पर हमला कर दिया. सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई इस घटना के बाद मतगणना से पहले इलाके में तनाव उत्पन्न हो गया है.
बीजेपी कार्यकर्ताओं में दहशत भरने की कोशिश
हमले के बाद सिंह ने आरोप लगाया कि दो लोगों ने उनके घर पर गोलीबारी की. उन्होंने आगे कहा कि यह हमला बीजेपी के कार्यकर्ताओं को डराने के लिए किया गया था.
सिंह ने कहा, 'शनिवार रात को दो आदमी आकाश चौधरी और अमन मेरे घर के बाहर पहुंचे और अपने हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी. वे पिछले कई दिनों से इलाके में दहशत फैला रहे थे. उनका इरादा बीजेपी को डराना था क्योंकि चुनावों में टीएमसी हार चुकी है लेकिन कोई भी नहीं डरेगा. हम चुनाव जीतेंगे.'
बैरकपुर से पूर्व सांसद और नोआपोरा से विधायक उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि नोआपोरा पुलिस इलाके में बीजेपी सदस्यों को पर्याप्त सुरक्षा देने में नाकाम रही है. उन्होंने दावा किया कि दोषियों ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान ड्रग्स बेचा.
सिंह ने कहा कि दोषी अमन और आकाश चौधरी को चुनाव के दौरान इलाके में ड्रग्स बेचने को लेकर पुलिस ने हिरासत में ले लिया था. पूरा सिस्टम बीजेपी सदस्यों को डराने में लगा हुआ है ताकि वो मतगणना में न जा सकें. पुलिस के पास वीडियो फुटेज है, इसके बाद भी अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. यह पुलिस प्रशासन की नाकामी को दिखाता है. दोषियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए.
क्या बोली पुलिस
हालांकि बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट डीसी (नॉर्थ) वसीम खान ने कहा कि पुलिस ने घटना से जुड़े दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और आज दोनों को बैरकपुर सब-डिवीजनल कोर्ट में पेश किया जाएगा जहां पुलिस आगे की पूछताछ के लिए उनकी 10 दिन की कस्टडी मांगेगी.