'ममता जो काम बंगाल में कर रहीं, वही काम पूरे देश में कर रहे मोदी', हुगली में बरसे राहुल गांधी, जानें क्या कहा?
हुगली के श्रीरामपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी स्वयं को देशभक्त कहते हैं लेकिन वह देश को बेच रहे हैं.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के हुगली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी और पीएम मोदी पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने कहा कि ममता बंगाल में गरीबों की नहीं अमीरों की मदद कर रही हैं, यही काम मोदी पूरे देश में कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देशभक्त होने का दावा करते हैं लेकिन वह देश को बेच रहे हैं. राहुल ने आगे कहा कि पीएम जहां भी जाते हैं वहां लोगों में नफरत और डर फैलाते हैं. कांग्रेस नेता ने कहा कि दो विचारधाराओं के बीच संघर्ष जारी है. एक तरफ कांग्रेस की एकता और भाईचारा है और दूसरी तरफ बीजेपी-आरएसएस की नफरत और हिंसा.
देश को बेच रहे पीएम
हुगली के श्रीरामपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी स्वयं को देशभक्त कहते हैं लेकिन वह देश को बेच रहे हैं. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में गरीबों की बजाय अमरीं की मदद कर रही हैं जबकि मोदी पूरे देश में यही काम कर रहे हैं. इन दोनों को सत्ता चाहिए लेकिन जनता के लिए कोई काम नहीं करना चाहते.
Also Read
RSS पर साधा निशाना
इससे पहले राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के नेता राम माधव के अमेरिका में दिए एक बयान पर भी निशाना साधा था. उन्होंने कहा कि यह असल में 'राष्ट्रीय सरेंडर संघ' है और उसके नेता ने ही उसे बेनकाब कर दिया है.
क्या बोले थे राम माधव
दरअसल, पिछले दिनों अमेरिका के हडसन इंस्टीट्यूट में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माधव ने सवाल उठाया था कि आखिर भारत अमेरिका के साथ संबंधों को लेकर कहां कमी कर रहा है. उन्होंने कहा, "हम ईरान से तेल खरीदना बंद करने पर सहमत हुए. हम रूस से तेल खरीदना बंद करने पर सहमत हुए, इतनी आलोचना झेलने के बावजूद हम 50% टैरिफ पर भी सहमत हुए... नए व्यापार समझौते में भी हम 18% टैरिफ पर सहमत हुए. तो आखिर भारत कहां कमी कर रहा है?" उन्होंने कहा कि भारत ने अमेरिकी अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए कई कठिन फैसले लिए, लेकिन फिर भी रिश्तों में तनाव बना हुआ है. हालांकि बाद में उन्होंने अपने बयान के लिए माफी मांग ली थी और कहा कि उनकी तरफ से गलत तथ्य रखा गया था.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, 'राष्ट्रीय सरेंडर संघ. नागपुर में फर्जी राष्ट्रवाद, अमेरिका में शुद्ध गुलामी.' उन्होंने कहा कि राम माधव ने ही संघ का असली चेहरा बेनकाब किया है. वहीं कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा कि अपने दिखावटी राष्ट्रवाद के बावजूद आरएसएस विदेशों में स्वीकार्यता पाने के लिए बेताब रहता है. उन्होंने कहा कि लॉबिस्ट की सेवा लेने (पाकिस्तान ने जिस लॉबिस्ट की सेवा की थी) से भी संतुष्ट न होकर, उसके शीर्ष विचारक हाल में अमेरिका में एक पीआर (जनसंपर्क) अभियान पर थे जो पूरी तरह से विफल रहा और अपनी ही जरूरत से ज्यादा चालाकी भरी दलीलों में उलझ गया.