पति को बचाने के लिए पत्नी ने चूस लिया कोबरा का जहर... फिर अस्पताल में जो हुआ, सब रह गए हैरान
चीन के युन्नान प्रांत में कोबरा के काटने के बाद एक किसान की जान बचाने के लिए उसकी पत्नी ने मुंह से जहर निकालने की कोशिश की. कुछ घंटों बाद महिला की भी तबीयत बिगड़ गई और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
चीन के दक्षिण-पश्चिमी युन्नान प्रांत से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया. खेत में काम करते समय एक किसान को कोबरा ने डस लिया. पति की जान बचाने की कोशिश में उसकी पत्नी ने फिल्मों में दिखाया जाने वाला तरीका अपनाया और मुंह से जहर निकालने का प्रयास किया. शुरुआत में महिला बिल्कुल सामान्य दिखाई दी, लेकिन कुछ घंटों बाद उसकी तबीयत भी बिगड़ने लगी. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद इलाज शुरू किया. इस घटना के बाद विशेषज्ञों ने लोगों को सांप काटने की स्थिति में सही कदम उठाने की सलाह दी है.
पति को बचाने की कोशिश पत्नी पर पड़ी भारी
जानकारी के अनुसार, कोबरा के काटते ही किसान की उंगली में सूजन आ गई और उसे चक्कर आने लगे. हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए. इस दौरान उसकी पत्नी ने मुंह से जहर निकालने की कोशिश की. हालांकि उस समय उसे कोई परेशानी महसूस नहीं हुई, लेकिन कुछ समय बाद उसके शरीर में भी जहर का असर दिखने लगा.
कुछ घंटों में महिला की हालत भी बिगड़ी
अस्पताल पहुंचने के कुछ घंटे बाद महिला के मुंह, जीभ, चेहरे और हाथ-पैरों में सुन्नपन शुरू हो गया. अगले दिन उसकी तबीयत और खराब होने लगी. इसके बाद उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जांच में डॉक्टरों ने पाया कि कोबरा के जहर का असर महिला के शरीर पर भी हुआ है.
Also Read
- GOAL के बाद मां को गले लगाते ही छलक पड़े आंसू... Morocco की जीत के बाद भावनाओं का सैलाब, Viral VIDEO जीत रहा करोड़ों दिल
- आयुष मलिक धर्म परिवर्तन मामले में नया मोड़, परिवार संग पूजा करने का वीडियो वायरल
- वायरल होने के चक्कर में मरते-मरते बचा शख्स, मरे हुए सांप को मुंह में डाला; बिगड़ी तबीयत तो पहुंचा अस्पताल
समय पर इलाज से बच गई दोनों की जान
डॉक्टरों ने पति-पत्नी दोनों का तुरंत एंटी-वेनम और अन्य जरूरी दवाओं से उपचार शुरू किया. समय पर इलाज मिलने के कारण कुछ दिनों में दोनों की हालत में सुधार हुआ. इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी. फिलहाल दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
डॉक्टरों ने दी सख्त चेतावनी
विशेषज्ञों का कहना है कि सांप के काटने पर मुंह से जहर चूसने की कोशिश करना बेहद खतरनाक हो सकता है. मुंह के अंदर मौजूद महीन रक्त वाहिकाओं के जरिए जहर शरीर में प्रवेश कर सकता है. इससे मदद करने वाला व्यक्ति भी गंभीर रूप से बीमार पड़ सकता है और उसकी जान भी खतरे में पड़ सकती है.
सांप काटने पर क्या करें
डॉक्टरों के अनुसार, सांप का जहर बहुत तेजी से शरीर में फैलता है, इसलिए उसे मुंह से निकालना संभव नहीं होता. ऐसे में घाव को काटने, आग या बर्फ लगाने जैसे घरेलू उपाय भी नहीं करने चाहिए. मरीज को कम से कम हिलाएं-डुलाएं और बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाएं. यदि संभव हो तो सांप की पहचान या तस्वीर डॉक्टरों को दिखाएं, ताकि सही एंटी-वेनम देने में आसानी हो सके.