उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह एक मजदूर के लिए मुसीबत बन गई. शादीपुर गांव निवासी 44 वर्षीय सलीम ने मरे हुए सांप के साथ खतरनाक स्टंट करते हुए उसे कई बार अपने मुंह में डाला.
वीडियो बनाने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और हालत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार शाम सलीम के घर में एक सांप घुस आया था. उसने सांप को मार दिया और इसके बाद सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने का फैसला किया. वीडियो में वह मरे हुए सांप को बार-बार अपने मुंह में डालता नजर आया. इस दौरान आसपास मौजूद कई लोगों ने भी पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली.
Bijnor, UP: A man named Salim found a dead venomous snake and used it for a social media stunt reel, repeatedly putting the snake's mouth into his own mouth. Residual venom entered his system.
— Megh Updates 🚨™ (@MeghUpdates) June 28, 2026
Now he is critical, battling for his life in hospital. pic.twitter.com/xUJeLG3wTq
वीडियो बनाने के कुछ समय बाद सलीम की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. शुरुआत में परिवार ने अस्पताल ले जाने के बजाय पारंपरिक झाड़-फूंक और घरेलू उपचार का सहारा लिया. जब हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो उसे नजदीकी कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया. डॉक्टर ने बताया कि सलीम की हालत अब पहले से बेहतर है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने या लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह के खतरनाक स्टंट करना जानलेवा साबित हो सकता है. उन्होंने लोगों से ऐसे वीडियो बनाने से बचने की अपील की.
चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, मरे हुए सांप को छूना या उसके साथ खिलवाड़ करना भी स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है. मृत सांपों में हानिकारक बैक्टीरिया मौजूद हो सकते हैं. कई मामलों में उनकी नसों की प्रतिक्रिया के कारण मौत के कुछ समय बाद तक शरीर में हलचल या काटने जैसी प्रतिक्रिया भी हो सकती है. विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि मरे हुए सांप को नंगे हाथों से न छुएं. यदि कहीं सांप दिखाई दे, तो उसे सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए प्रशिक्षित वन विभाग या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके.