उत्तर प्रदेश के शामली जिले से जुड़े चर्चित आयुष मलिक धर्म परिवर्तन मामले ने एक बार फिर सुर्खियां बटोर ली हैं. सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में आयुष मलिक अपने माता-पिता के साथ घर के मंदिर में पूजा-पाठ करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में वह परिवार से माफी मांगते हुए और उनके साथ दोबारा रहने की बात कहते भी नजर आते हैं.
इस वीडियो के सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई है. हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. ऐसे में वीडियो में किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.
करीब दो मिनट लंबे बताए जा रहे इस वीडियो में आयुष मलिक खुद को दोबारा सनातन धर्म अपनाने का दावा करते दिखाई देते हैं. वीडियो में उन्हें भगवान हनुमान की पूजा करते, धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते और अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेते हुए देखा जा सकता है. इसके साथ ही वह अपने परिवार से भावुक अंदाज में माफी मांगते भी नजर आते हैं. वीडियो सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है और सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
UP- शामली का आयुष मलिक अब मुसलमान से फिर हिंदू हो गया है. आयुष का एक वीडियो आज सामने आया है.
— Narendra Pratap (@hindipatrakar) June 29, 2026
इस वीडियो में आयुष हकलाती आवाज में खुद के पुन: हिंदू बनने की बात कह रहा है और माफी मांग रहा है. वह घर के मंदिर में पूजा कर रहा है और परिवार के साथ बैठा है. उसके पेरेन्ट्स फिर से उसके… https://t.co/iQVNuI7Hyu pic.twitter.com/Aa2OO5fI4e
यह मामला उस समय चर्चा में आया था जब शामली के दयानंद नगर निवासी और एक व्यापारी के इकलौते बेटे आयुष मलिक ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस्लाम धर्म अपनाने का दावा किया था. उन्होंने खुद को अली मोहम्मद बताते हुए कई वीडियो साझा किए थे, जिनमें वह दाढ़ी और इस्लामी परिधान में नजर आए थे.
इसके अलावा उन्होंने चांदनी कुरैशी नाम की महिला से निकाह करने का भी दावा किया था. इन दावों के सामने आने के बाद शामली समेत उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में इस मामले को लेकर विवाद खड़ा हो गया था. विभिन्न हिंदू संगठनों ने इस पर आपत्ति जताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी. ताजा वायरल वीडियो ने इस पहले से चर्चित मामले को फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है.