'तेरे बाप का रोड है क्या...', केदारनाथ यात्रा मार्ग में महिला ने घोड़े वाले को दी खुलेआम धमकी; वायरल हुआ वीडियो
केदारनाथ यात्रा मार्ग का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला घोड़ेवाले को खुलेआम धमकाती नजर आ रही है. इस वीडियो पर लोगों का रिएक्शन भी सामने आ रहा है.
चारधाम यात्रा शुरू हो चुकी है, हर दिन हजारों यात्री धाम की यात्रा कर रहे हैं. इसी बीच एक महिला यात्री का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह केदारनाथ यात्रा मार्ग में एक घोड़े पर बैठे नजर आ रही है. यात्रा के दौरान महिला का गुस्सा इतना ज्यादा बढ़ जाता है कि वह घोड़ा संचालक को खुलेआम धमकी देती नजर आ रही हैं.
केदारनाथ धाम पर लोग पूजा करने जाते हैं, लेकिन धार्मिक यात्राओं पर भी लोगों के मन में शांति नहीं है. इस तरह की घटनाएं काफी आम हो गई हैं. हर दूसरे दिन कोई टूरिस्ट स्थानीय लोगों से भिड़ जाते हैं, वहीं किसी-किसी मामले में स्थानीय लोग भी पर्यटकों को अपने कमाई का जरिया समझते हैं, जिससे उलझने बढ़ जाती है.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस नए वीडियो में एक महिला घोड़े पर बैठी है, इस दौरान किसी बात को लेकर उसकी बहस घोड़े वाले से हो जाती है. जिसके बाद महिला का पारा बिल्कुल हाई हो जाता है और वह बीच सड़क पर घोड़े वाले को डांटने लग जाती है. महिला उसे कहती है कि यह तेरे बाप का रोड है क्या? फिर वह खुद को किसी हाई क्लास की महिला बताते हुए घोड़े वाले को धमकी देती है कि तू जानता नहीं मैं कौन हूं, एक फोन जाएगा और तू फिर अंदर हो जाएगा.
उसने धमकाते हुए कहा मैं अभी इधर ही एसपी को बुला लूंगी. वहीं घोड़े वाला महिला की बातों को चुप-चाप सुनता रहता है. इस दौरान वहां मौजूद किसी भी व्यक्ति ने महिला को शांत नहीं करवाया, हालांकि अब वायरल हो रहे वीडियो पर लोगों का रिएक्शन सामने आ रहा है.
केदारनाथ धाम में बढ़ती समस्याएं
केदारनाथ धाम से अक्सर कई तरह के वीडियो आते रहते हैं. कुछ वीडियो में पर्यटकों द्वारा फैलाई जा रही गंदगी नजर आती है, वहीं कुछ वीडियो में स्थानीय लोग जानवरों से पैसे कमाने के लिए उसे प्रताड़ित करते नजर आते हैं. कुल मिलाकर अब धार्मिक स्थल भी एक घूमने की जगह बनती जा रही हैं. लोग यहां ध्यान करने के बजाय उत्पात मचाते हैं और कूड़ा-कचरा फैला देते हैं. ऐसे में इन जगहों की सुंदरता अब खतरे में आ गई है. सोशल मीडिया पर लोग धार्मिक यात्राओं को पिकनिक स्पॉट न बनाने की सलाह दे रहे हैं.