साड़ी पहनकर महिला ने की स्नोबोर्डिंग, वीडियो में देखें कैसे बर्फीले पहाड़ पर नबी मुंबई की उर्मिला ने किया ये खतरनाक स्टंट
नवी मुंबई की 21 साल की उर्मिला पाबले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह कश्मीर के गुलमर्ग में साड़ी पहनकर स्नोबोर्डिंग करती नजर आ रही हैं. लोगों को उनका यह अनोखा अंदाज काफी पसंद आ रहा है.
सोशल मीडिया पर इन दिनों नवी मुंबई की उर्मिला पाबले का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह कश्मीर के गुलमर्ग की बर्फीली ढलानों पर साड़ी पहनकर स्नोबोर्डिंग करती नजर आ रही हैं. बर्फ से ढके पहाड़ों पर स्नोबोर्डिंग करना अपने आप में एक चुनौतीपूर्ण खेल माना जाता है. ऐसे में साड़ी पहनकर इस खेल को करना लोगों के लिए और भी ज्यादा हैरान करने वाला बन गया है.
वीडियो में उर्मिला के साथ उनकी साथी राइडर लिंडा भी दिखाई दे रही हैं. दोनों महिलाएं साड़ी पहनकर बर्फीले पहाड़ों पर स्नोबोर्डिंग करती नजर आ रही हैं. साड़ी और लहराती चुनरी के साथ उनका यह अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर लाखों लोगों द्वारा देखा जा चुका है और तेजी से वायरल हो रहा है.
बचपन से ही देखा जिंदगी का संघर्ष
21 साल की उर्मिला पाबले की कहानी सिर्फ खेल तक सीमित नहीं है बल्कि यह संघर्ष और मेहनत की भी मिसाल है. उर्मिला ने छोटी उम्र में ही जिंदगी की कई मुश्किलों का सामना किया. जब वह पांचवीं कक्षा में पढ़ती थीं तभी उनके पिता का निधन हो गया था. इसके बाद घर की पूरी जिम्मेदारी उनकी मां पर आ गई.
Also Read
हालांकि उनकी मां ज्यादा पढ़ी लिखी नहीं थीं लेकिन उन्होंने एक सिंगल मदर के तौर पर अपनी बेटी के सपनों को कभी टूटने नहीं दिया. सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने उर्मिला को हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
कुछ दिनों की ट्रेनिंग में जीत लिया मेडल
उर्मिला पाबले ने स्नोबोर्डिंग की ट्रेनिंग हाल ही में शुरू की थी. उन्होंने खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2025 में हिस्सा लेने के लिए इसी साल फरवरी में ट्रेनिंग शुरू की. सिर्फ कुछ दिनों की मेहनत और अभ्यास के दम पर उन्होंने प्रोफेशनल खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर दी. इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने कांस्य पदक भी अपने नाम किया. यह उपलब्धि उनके खेल कौशल और मेहनत को दर्शाती है.
स्नोबोर्डिंग से पहले उर्मिला पाबले स्केटबोर्डिंग में भी अपनी खास पहचान बना चुकी हैं. उन्होंने 36 वें राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीतकर महाराष्ट्र का नाम रोशन किया. इसके अलावा वह संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में आयोजित वर्ल्ड स्केटबोर्डिंग चैंपियनशिप में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं.