शिमला: चंद सेकेंड में धराशाई हो गया निर्माणधीन टनल, जान बचाकर भागे मजदूर
शिमला शहर के संजौली में बन रही निर्माणाधीन टनल के एक छोर पर लैंडस्लाइड हुआ है. खुदाई के दौरान ही पहाड़ का बड़ा हिस्सा गिर गया. इससे टनल का एंट्री प्वाइंट बंद हो गया है.
हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से भारी बारिश हो रही है. कई जगहों पर लैंडस्लाइड हुआ है. ऐसा ही एक लैंडस्लाइड शिमला शहर के संजौली में बन रही निर्माणाधीन टनल के मुहाने पर हुआ. संजौली में बन रही निर्माणाधीन टनल पलक झपकते ही जमींदोज हो गई. इस दौरान मौके पर अफरातफरी मच गई है.
हालांकि, इसमें किसी भी तरह का जान माल का नुकसान नहीं हुआ. मौके पर मौजूद लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई. जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे अथॉरिटी की तरफ से पहाड़ी स्थिर करने के लिए काम किया जा रहा था. यहां पर 400 मीटर लंबी टनल की खुदाई चल रही थी. खुदाई के दौरान ही पहाड़ का बड़ा हिस्सा गिर गया. इससे टनल का एंट्री प्वाइंट बंद हो गया.
Also Read
यह टनल संजौली बायपास से ढली को जानी थी. बीते दो महीने पहले इस टनल का काम शुरू हुआ था. लेकिन शिमला में बारिश हो रही है. जानकारी के अनुसार, परवाणू से शिमला तक फोरलेन बन रहा है. यहां पर कैथलीघाट से ढली तक फोरलेन का काम जोरों पर चल रहा है.
कर्मचारियों और मशीनरी को निकाल लिया गया
बता दें कि कालका-शिमला नेशनल हाई-वे के आखिरी चरण में कैंथलीघाट से ढली तक फोरलेन का निर्माण हो रहा है. फिलहाल टनल के एंट्री पर भारी मलबा गिरा हुआ है. सोमवार शाम को यहां कुछ पत्थर और मिट्टी गिरने के बाद सुरंग में काम कर रहे कर्मचारियों और मशीनरी को पहले ही बाहर निकाल लिया गया था.