BRICS 2026

'बचा लो, बचा लो...', गुरुग्राम में बीच सड़क पर लड़की को पकड़कर बैठ गया युवक, सच्चाई जानकर हैरान रह गए लोग

सिविल लाइंस इलाके में एक युवक अचानक सड़क पर खड़ी युवती को पकड़कर जोर-जोर से चिल्लाने लगा. वह बार-बार कह रहा था- 'बचा लो, बचा लो.' आसपास के लोग इस दृश्य को देखकर हैरान रह गए.

X
Antima Pal

गुरुग्राम में शुक्रवार को एक अजीबोगरीब घटना सामने आई. सिविल लाइंस इलाके में एक युवक अचानक सड़क पर खड़ी युवती को पकड़कर जोर-जोर से चिल्लाने लगा. वह बार-बार कह रहा था- 'बचा लो, बचा लो.' आसपास के लोग इस दृश्य को देखकर हैरान रह गए. कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई और कई लोग मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगे.

गुरुग्राम में पैनिक अटैक का अजीब वाकया

युवती खुद घबराई हुई थी. उसने भीड़ से अपील की कि कैमरा बंद कर दें और मदद करें. उसकी बात सुनकर कुछ लोग आगे आए और युवक को अलग किया. पुलिस को सूचना मिली और सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने दोनों से पूछताछ शुरू की.


जांच के दौरान पता चला कि युवक दिल्ली का रहने वाला है. वह पिछले कुछ समय से गंभीर मानसिक तनाव से जूझ रहा था. परिवार के सदस्यों ने पुलिस को उसके मेडिकल दस्तावेज दिखाए. इनमें डॉक्टर की रिपोर्ट और दवाइयों का जिक्र था. पुलिस ने पुष्टि की कि युवक को पैनिक अटैक आया था, जिसके कारण वह नियंत्रण खो बैठा था. कोई आपराधिक मंशा नहीं पाई गई.

परिजनों ने बताया कि युवक लंबे समय से तनाव और चिंता की समस्या से परेशान था. डॉक्टर की सलाह पर इलाज चल रहा था. घटना के बाद परिवार ने पुलिस से अनुरोध किया कि उसे उनके साथ जाने दिया जाए. दस्तावेज जांचने के बाद पुलिस ने युवक को परिवार के सुपुर्द कर दिया.