'कार पर चढ़ा, फिर शर्ट फाड़ी', पंडित धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा के दौरान हिंसक झड़प! वीडियो में देखें कैसे हुई शख्स की धुनाई

बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने दिल्ली से वृंदावन तक 2.0 पदयात्रा का आयोजन किया है। इस पदयात्रा के दौरान विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोगों और पदयात्रियों के बीच कहासुनी के बाद झड़प हो गई.

x/@ocjain4
Anubhaw Mani Tripathi

मथुरा: बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने दिल्ली से वृंदावन तक 2.0 पदयात्रा का आयोजन किया है. इस दौरान मथुरा में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ हिंदू विरोधी तत्वों ने अचानक भीड़ के बीच अपनी गाड़ी खड़ी कर दी और उन्हें रोकने की कोशिश की. बात इतनी बढ़ गई कि मारपीट तक पहुँच गई. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है.

मौके पर मौजूद शख्स ने दी जानकारी 

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, घटना तब हुई जब एक कार सवार समूह कथित तौर पर पदयात्रा के बीच से निकलने की कोशिश कर रहा था. बताया जा रहा है कि उस दौरान दोनों पक्षों में बहस बढ़ी और फिर मामूली धक्का-मुक्की हो गई. हालांकि, पुलिस का कहना है कि स्थिति को तुरंत नियंत्रण में ले लिया गया और किसी गंभीर चोट की सूचना नहीं है.

वायरल वीडियो को सोशल मीडिया यूज़र @pushpraj_001 ने अपने हैंडल पर साझा किया है. वीडियो में भीड़भाड़ और अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है. इसके बाद कई लोगों ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रियां दीं, जिनमें धार्मिक सहिष्णुता और शांति बनाए रखने की अपील भी शामिल है. पुलिस ने बताया कि वे वीडियो की सत्यता और घटना के वास्तविक कारण की जांच कर रही है. 

मथुरा SSP ने दी जानकारी 

मथुरा एसएसपी ने कहा, “हम सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की जांच कर रहे हैं. अगर किसी ने जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.” स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, श्री बागेश्वर धाम से जुड़ी पदयात्रा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ निकाली जा रही थी. इसी दौरान कुछ व्यक्तियों और यात्रा में शामिल लोगों के बीच टकराव हुआ. बाद में पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुँचकर स्थिति संभाली और लोगों से संयम बरतने की अपील की.

इस बीच सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर दोनों पक्षों के समर्थकों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है. विशेषज्ञों का कहना है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती हैं, इसलिए प्रशासन और आयोजकों को समन्वय और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था करनी चाहिए. फिलहाल पुलिस ने मामले में शांति बनाए रखने की अपील की है और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने को कहा है. इस मामले में झड़प क्यों हुआ इसकी पुष्टि इंडिया डेली नहीं करता है.