मिडिल ईस्ट तनाव के बीच इंडिगो ने फ्लाइट्स के शेड्यूल में किया बदलाव, 28 मार्च तक ये सेवाएं रहेंगी स्थगित
नए शेड्यूल के तहत इंडिगो सऊदी अरब के लिए 126 साप्ताहिक उड़ानें संचालित करेगी. इसके अलावा ओमान के लिए 28 और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के लिए 98 साप्ताहिक उड़ानें चलाई जाएगी.
नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है. सुरक्षा और संचालन से जुड़ी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए भारत की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने अपनी उड़ानों के कार्यक्रम में बदलाव करने का फैसला किया है. एयरलाइन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कुछ मार्गों पर नई व्यवस्था लागू की है.
मध्य-पूर्व के लिए और वहां से कुल 252 साप्ताहिक उड़ानें संचालित की जाएगी. एयरलाइन धीरे-धीरे अपने सामान्य शेड्यूल की ओर लौटने की कोशिश कर रही है, लेकिन क्षेत्र की मौजूदा स्थिति को देखते हुए कुछ रूट पर अभी भी सतर्कता बरती जा रही है. मध्य-पूर्व के लिए और वहां से कुल 252 साप्ताहिक उड़ानों को संचालन किया जाएगा.
126 साप्ताहिक उड़ानें संचालित होगी
नए शेड्यूल के तहत इंडिगो सऊदी अरब के लिए 126 साप्ताहिक उड़ानें संचालित करेगी. इसके अलावा ओमान के लिए 28 और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के लिए 98 साप्ताहिक उड़ानें चलाई जाएगी. इन उड़ानों के माध्यम से यात्रियों को न केवल इन देशों तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा, बल्कि इंडिगो के नेटवर्क के जरिए भारत और अन्य अंतरराष्ट्रीय शहरों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी.
कुछ रूट पर सेवाएं फिलहाल बंद
एयरलाइन ने यह भी बताया कि कुछ गंतव्यों के लिए उसकी उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से स्थगित रहेंगी. दोहा, कुवैत, बहरीन, दम्माम, फुजैराह, रस अल खैमाह और शारजाह के लिए इंडिगो की उड़ानें फिलहाल 28 मार्च तक बंद रहेंगी. एयरलाइन का कहना है कि यह फैसला यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.
कई कारणों से बदला शेड्यूल
इंडिगो ने बताया कि मौजूदा समय में उड़ानों की संख्या और क्षमता तय करते समय कई पहलुओं पर विचार किया जा रहा है. इनमें क्षेत्र में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, एयरस्पेस से जुड़ी संभावित पाबंदियां, कुछ हवाईअड्डों की सीमित क्षमता, ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी और बीमा लागत में वृद्धि जैसे कारण शामिल हैं.
यात्रियों के लिए सलाह
एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर जांच ले. इसके लिए इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध अपडेट देखना जरूरी है. कंपनी का कहना है कि वह सरकारी एजेंसियों और विमानन अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और हालात के अनुसार अपने संचालन में बदलाव करती रहेगी. इंडिगो ने दोहराया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसके लिए सबसे महत्वपूर्ण है.
और पढ़ें
- अब PNG कनेक्शन वाले ग्राहकों को नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर, संकट के बीच केंद्र सरकार का बड़ा फैसला
- गैस संकट खत्म! देश में कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति हुई बहाल, पेट्रोलियम मंत्रालय ने की खास अपील
- मोदी सरकार की कूटनीतिक जीत, LPG की बड़ी खेप लेकर भारत आ रहे शिवालिक और नंदा देवी जहाज ने होर्मुज स्ट्रेट किया पार