आयुष मलिक धर्म परिवर्तन मामले में नया मोड़, परिवार संग पूजा करने का वीडियो वायरल
उत्तर प्रदेश के शामली में चर्चित आयुष मलिक धर्म परिवर्तन मामले ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में आयुष अपने परिवार के साथ पूजा-अर्चना करते और सनातन धर्म में वापसी का दावा करते दिखाई दे रहे
उत्तर प्रदेश के शामली जिले से जुड़े चर्चित आयुष मलिक धर्म परिवर्तन मामले ने एक बार फिर सुर्खियां बटोर ली हैं. सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में आयुष मलिक अपने माता-पिता के साथ घर के मंदिर में पूजा-पाठ करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में वह परिवार से माफी मांगते हुए और उनके साथ दोबारा रहने की बात कहते भी नजर आते हैं.
इस वीडियो के सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई है. हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. ऐसे में वीडियो में किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.
सनातन धर्म अपनाने का किया दावा
करीब दो मिनट लंबे बताए जा रहे इस वीडियो में आयुष मलिक खुद को दोबारा सनातन धर्म अपनाने का दावा करते दिखाई देते हैं. वीडियो में उन्हें भगवान हनुमान की पूजा करते, धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते और अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेते हुए देखा जा सकता है. इसके साथ ही वह अपने परिवार से भावुक अंदाज में माफी मांगते भी नजर आते हैं. वीडियो सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है और सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
Also Read
क्या है पूरा मामला?
यह मामला उस समय चर्चा में आया था जब शामली के दयानंद नगर निवासी और एक व्यापारी के इकलौते बेटे आयुष मलिक ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस्लाम धर्म अपनाने का दावा किया था. उन्होंने खुद को अली मोहम्मद बताते हुए कई वीडियो साझा किए थे, जिनमें वह दाढ़ी और इस्लामी परिधान में नजर आए थे.
इसके अलावा उन्होंने चांदनी कुरैशी नाम की महिला से निकाह करने का भी दावा किया था. इन दावों के सामने आने के बाद शामली समेत उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में इस मामले को लेकर विवाद खड़ा हो गया था. विभिन्न हिंदू संगठनों ने इस पर आपत्ति जताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी. ताजा वायरल वीडियो ने इस पहले से चर्चित मामले को फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है.