मुंबई के पार्क में कपल से नाबालिगों ने की गुंडागर्दी, विरोध किया तो चप्पल-डंडों से कर दी पिटाई; वीडियो हुआ वायरल
मुंबई के कुर्ला में फीनिक्स मॉल के पास स्थित महानगरपालिका उद्यान में फोटो खींच रहे एक कपल के साथ आठ नाबालिगों ने कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट की.
मुंबई के कुर्ला से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पार्क में फोटो खींच रहे एक युवक और युवती के साथ कुछ नाबालिग लड़कों ने बदसलूकी और मारपीट की. बताया जा रहा है कि कपल पर अश्लील टिप्पणियां की गईं. जब दोनों ने इसका विरोध किया तो लड़कों के समूह ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ नाबालिगों को हिरासत में लिया है.
जानकारी के मुताबिक, युवक और युवती कुर्ला में फीनिक्स मॉल के पास स्थित महानगरपालिका के एक उद्यान में फोटो खींच रहे थे. इसी दौरान वहां मौजूद 8 से 10 नाबालिग लड़कों के समूह ने दोनों पर अभद्र टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं. कपल ने जब इसका विरोध किया तो मामला बढ़ गया और लड़कों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.
Also Read
वीडियो में चप्पल और डंडे से हमला करते दिखे लड़के
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कपल पार्क में फोटो खींचते नजर आ रहा है. इसी दौरान कुछ लड़के उनके पास पहुंचते हैं और अश्लील टिप्पणियां करने लगते हैं. विरोध करने पर लड़के युवक और युवती के साथ बदसलूकी और मारपीट करने लगते हैं.
वीडियो में एक नाबालिग युवक को चप्पल जैसी वस्तु से मारता दिखाई दे रहा है. वहीं, दूसरा लड़का युवती के सिर पर डंडे से वार करता नजर आता है. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस भी होती है. घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने पूरे मामले का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
पुलिस ने दर्ज किया केस
मामले की शिकायत मिलने के बाद घाटकोपर पुलिस ने कार्रवाई की. पुलिस ने आठ नाबालिगों को हिरासत में लिया है. पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 189(2), 189(4), 118(1), 352 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड (जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड) के सामने पेश किया जाएगा. मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
BJP और शिवसेना (UBT) ने की घटना की निंदा
इस घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं. बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने मामले में कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने बताया कि पांच नाबालिगों के माता-पिता को नोटिस जारी किए गए हैं. वहीं, शिवसेना (UBT) ने भी घटना की निंदा की है. पार्टी नेता इंतेखाब फारूकी ने कहा कि इस तरह की घटनाएं निंदनीय हैं. सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की बदसलूकी और हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए.
बिहार के जमुई में भी सामने आया था ऐसा मामला
इससे पहले बिहार के जमुई से भी इसी तरह की घटना सामने आई थी. यहां एक ही कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाले नाबालिग लड़के और लड़की को युवकों के एक समूह ने रास्ते में रोक लिया था. इसके बाद उनके साथ मारपीट और छेड़खानी की गई थी. आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था. मुंबई की इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और कपल की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.