बाइक नहीं थी तो गर्लफ्रेंड ने छोड़ा, दिल टूटने के बाद बॉयफ्रेंड ने एक के बाद एक चुरा ली 25 मोटरसाइकिल
Mathura News: मथुरा से हैरान करने वाली घटना सामने आई है. एक शख्स की गर्लफ्रेंड ने उसे सिर्फ इसलिए छोड़ दिया, क्योंकि उसके पास बाइक नहीं थी और बाइक नहीं होने की वजह से बॉयफ्रेंड अपनी गर्लफ्रेंड को कहीं घूमाने नहीं ले जा पाता था. गर्लफ्रेंड की ओर से ब्रेकअप किए जाने के बाद भड़के बॉयफ्रेंड ने एक के बाद एक 25 बाइक चुरा ली. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बाइक्स बरामद कर ली है.
Mathura News: ब्रेकअप के बाद भड़के एक आशिक ने एक के बाद एक 25 बाइक चुरा ली. पकड़े जाने पर उसने पुलिस को बताया कि उसके पास बाइक नहीं थी, जिसकी वजह से वो अपनी गर्लफ्रेंड को घूमा नहीं पाता था. आरोपी ने बताया कि जब मेरी गर्लफ्रेंड को ये पता चला कि मेरे पास बाइक नहीं है, तो उसने मुझसे ब्रेकअप कर लिया. इसके बाद मैंने बाइक चुरानी शुरू कर दी. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के पास से कई बाइक बरामद की है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
मामला मथुरा जिले के वृंदावन का बताया जा रहा है. आरोपी की पहचान 28 साल के राहुल सिंह के रूप में हुई है. आरोप है कि उसने वृंदावन समेत आसपास के इलाकों से एक-एक कर 25 बाइक चोरी कर ली. वृंदावन पुलिस ने आरोपी राहुल सिंह को SWAT की मदद से पकड़ा है. उसने बाइक चोरी करने की बात स्वीकार कर ली औऱ कहा कि ब्रेकअप के बाद पहले उसने नशे का सहारा लिया. इसके बाद बाइक चुराने का फैसला कर लिया.
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने और क्या-क्या बताया
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी राहुल को पकड़ने के बाद पुलिस ने पूछताछ शुरू की. जब उसने बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देने के पीछे के कारणों को बताया तो पुलिस हैरान रह गई. पुलिस को पूछताछ में आरोपी राहुल सिंह ने बताया कि गर्लफ्रेंड को छोड़ जाने के बाद पहले तो वो नशा करने लगा. इसके बाद उसने पैसे कमाने की सोची, लेकिन ज्यादा पढ़ा लिखा न होने की वजह से उसने बाइक चोरी करने का फैसला किया.
Also Read
राहुल ने बताया कि ब्रेकअप के बाद गर्लफ्रेंड को जलाने के लिए उसके घर के आगे से अलग-अलग मोटरसाइकिल से आता-जाता था. उधर, पुलिस ने बताया कि शहर में अक्सर बाइक चोरी की शिकायत दर्ज की जा रही थी. हाल ही में वृंदावन से दो लोगों ने बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी. बाइक चोरी की शिकायत के बाद पुलिस ने पड़ताल शुरू की. आखिरकार पुलिस रुक्मिमी विहार पहुंची और आरोपी राहुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया.