एक साल डेट किया, फिर बनाया हमसफर, बुर्के वाली पत्नी 12 दिन बाद निकली 'मर्द'

Indonesia Viral News: इंडोनेशिया से चौंकाने वाला एक मामला सामने आया है. एक शख्स की शादी के 12 दिन बाद पता चला कि उसकी पत्नी औरत नहीं एक मर्द है.

South China Morning Post
India Daily Live

Indonesia Viral News:  इंडोनेशिया का 26 साल का शख्स उस वक्त हैरान रह गया जब उसे पता चला कि उसकी नवविवाहित पत्नी औरत नहीं बल्कि मर्द है. हैरान की बात ये कि शख्स ने नवविवाहिता को एक साल तक डेट भी किया और फिर शादी की. शादी के 12 दिन बाद उसके सामने जो सच्चाई सामने आई, उससे वो हैरान रह गया. 

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, AK नाम से पहचाने जाने वाले शख्स को शादी के 12 दिन बाद इस बात का एहसास हुआ. AK ने जब पूछताछ की तो दुल्हन बनने का नाटक कर रहे शख्स ने बताया कि उसका मुख्य काम पैसा ऐंठना था. पीड़ित AK जावा द्वीप के नारिंगगुल का रहने वाला है. 2023 में सोशल मीडिया पर AK की मुलाकात 26 साल की अदिंदा कंज़ा नाम की 'महिला' से हुई थी.

पहली ही मुलाकात में बुर्का पहनकर गई थी 'महिला'

रिपोर्ट के अनुसार, AK और अदिंदा कंजा ने सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद मुलाकात की प्लानिंग की. AK ने SCMP को बताया कि जब पहली बार दोनों की मुलाकात हुई तो कंजा ने अपना पूरा चेहरा ढंका था और बुर्का पहना था. पीड़ित के मुताबिक, कंजा ने खुद को कट्टर मुस्लिम होने का दावा किया. इसके बाद AK ने कहा कि नकाब से उसे कोई परेशानी नहीं है. उसने इसे कंजा के इस्लाम के प्रति उसकी श्रद्धा माना. कुछ दिनों बाद दोनों ने फ्यूचर को लेकर प्लानिंग शुरू कर दी.

पीड़ित AK ने बताया कि जब मैंने कंजा से उसके घर परिवार के बारे में पूछा, तो उसने बताया कि मेरे परिवार में कोई नहीं है. ऐसे में शादी में मेरे परिवार की ओर से कोई भी शामिल नहीं हो पाएगा. इसके बाद AK ने 12 अप्रैल को अपने घर पर एक सिंपल फंक्शन में शादी का फैसला किया. AK ने बताया कि कंजा दहेज के रूप में 5 ग्राम सोना भी लाई थी और दोनों ने शादी कर ली. AK ने ये भी बताया कि घर पर शादी के पहले उसने कंजा के साथ अपनी शादी का सर्टिफिकेट नहीं बनवाया था. 

12 दिनों के बाद ऐसे खुली नकली दुल्हन की पोल

AK के मुताबिक, शादी के 12 दिन बाद मैंने नोटिस किया कि नई दुल्हन मेरे घर के सदस्यों से बातचीत में इंट्रेस्ट नहीं ले रही है. घर पर वो घूंघट में ही रहती थी. वो मेरे साथ बेड शेयर करने से भी बचती थी. इसके लिए वो पीरियड्स का हवाला देती थी. इसके बाद AK को शक हुआ. फिर उसने कंजा के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की. कुछ दिनों बाद वो उसके परिवार तक पहुंच गया. तब AK को पता चला कि उसकी 'दुल्हन' अनाथ नहीं थी, जैसा कि उसने दावा किया था. उसके माता-पिता जिंदा थे. AK को ये भी पता चला कि कंजा महिला नहीं बल्कि पुरुष है. उसका असली नाम ESH है, जो 2020 से क्रॉस-ड्रेसिंग कर रहा है.

ESH के माता-पिता ने बताया कि उन्होंने कभी भी AK के बारे में नहीं सुना था. उधर, इस पूरे मामले की जानकारी के बाद पुलिस ने ESH को गिरफ्तार कर लिया. ESH ने बाद में पुलिस को बताया कि वो AK से शादी कर उसके परिवार की संपत्ति हड़पना चाहता था. पुलिस ने बताया कि ESH महिला जैसा दिखता है, खासकर जब वह मेकअप करता है. उसकी आवाज भी बिलकुल महिला की तरह है. ESH की इस करतूत के बारे में कानून के जानकारों ने बताया कि धोखाधड़ी के लिए उसे 4 साल जेल की सजा हो सकती है.