menu-icon
India Daily

‘अगर आप उस दिन लोहागढ़ में थे, तो सामने आएं…’ केतन के पिता ने की मदद की अपील

केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने शनिवार को कैंडल मार्च के दौरान लोगों से भावुक अपील की. उन्होंने लोहगढ़ किले पर 18 जून को मौजूद सभी लोगों से पुलिस के पास आने और केतन को न्याय दिलाने में मदद करने की गुजारिश की.

Shilpa Shrivastava
‘अगर आप उस दिन लोहागढ़ में थे, तो सामने आएं…’ केतन के पिता ने की मदद की अपील
Courtesy: ANI X

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे में हुई केतन अग्रवाल की हत्या मामले में कई नए मोड़ सामने आ रहे हैं. इस बीच केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने शनिवार को कैंडल मार्च के दौरान लोगों से भावुक अपील की. उन्होंने लोहगढ़ किले पर 18 जून को मौजूद सभी लोगों से पुलिस के पास आने और केतन को न्याय दिलाने में मदद करने की गुजारिश की.

विशाल अग्रवाल ने बेलमंडो सोसाइटी में इकट्ठा हुए लोगों से कहा, “कई लोग हमें मैसेज कर रहे हैं कि वे किले पर मौजूद थे, लेकिन पुलिस के पास नहीं आ रहे हैं. मैं उन सबसे अपील करता हूं कि वे आगे आएं और केतन को न्याय दिलाने में मदद करें. मैं उन्हें आश्वासन देता हूं कि उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी.” बता दें कि मार्च में केतन के परिवार के सदस्य, दोस्त और सोसाइटी के लोग शामिल थे. सब केतन के लिए न्याय की मांग कर रहे थे.

पुलिस कर रही मामले की जांच:

पुलिस सिया गोयल के परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है. सिया के माता-पिता प्रवीण गोयल और पूजा गोयल से शनिवार को लोनावाला पुलिस ने कई घंटे पूछताछ की. सिया के भाई साहिल गोयल से भी लगभग 10 घंटे पूछताछ हुई थी. सिया की मां ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बेटी पर केतन से शादी के लिए कोई दबाव नहीं डाला था.

परिवार ने की फांसी की मांग:

केतन के दादा देवीचंद अग्रवाल ने भावुक होकर कहा, “हम अपने ही लोगों द्वारा धोखा खा गए, जिन्हें हम कई सालों से जानते थे.” उन्होंने पुलिस से मांग की कि शादी तय करने में शामिल हर व्यक्ति की जांच हो. परिवार ने सिया और चेतन को फांसी की सजा देने की मांग की. इसके अलावा केतन की मां ने भी न्याय की गुहार लगाई. उन्होंने सिया के पूरे परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

हत्या मामले की जांच का नया अपडेट:

पुलिस ने बताया कि सिया और चेतन ने हत्या से पहले सिग्नल सिस्टम बनाया था. चेतन ने स्कूटर से यात्रा की ताकि टोल प्लाजा पर उसकी पहचान न हो. पुलिस ने उसका स्कूटर जब्त कर लिया है. पुलिस डिप्टी सुपरिंटेंडेंट गजानन तोम्पे ने कहा कि चेतन के मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा.