भाई का शौक तो देखो! खैनी रखने के लिए बनवाई 7 लाख की सोने की चुनौटी, वायरल हो रहा वीडियो
सोशल मीडिया पर खैनी और चूना रखने वाली एक चुनौटी का वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में इसे प्योर गोल्ड से बनी बताया गया है और इसकी कीमत 7 लाख 75 हजार रुपये तक बताई गई है.
नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक अनोखी डिबिया का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. यह कोई सामान्य डिबिया नहीं बल्कि खैनी और चूना रखने वाली चुनौटी बताई जा रही है. दावा किया जा रहा है कि यह चुनौटी सोने से बनी है और इसकी कीमत करीब 7 लाख रुपये से ज्यादा है. महंगी चुनौटी का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी हैरान हैं.
खैनी या तंबाकू खाने वाले लोग आमतौर पर इसे रखने के लिए छोटी डिबिया का इस्तेमाल करते हैं. इसे कई जगह चुनौटी कहा जाता है. इस डिबिया में आमतौर पर दो हिस्से होते हैं. एक हिस्से में तंबाकू और दूसरे में चूना रखा जाता है. बाजार में ऐसी चुनौतियां प्लास्टिक, स्टील और दूसरी धातुओं में आसानी से मिल जाती हैं. इनकी कीमत भी काफी कम होती है. लेकिन वायरल वीडियो में दिखाई गई चुनौटी अपनी कीमत की वजह से चर्चा में है.
Also Read
किसने शेयर किया वीडियो?
इंस्टाग्राम पर @badrinath6340 नाम के हैंडल से शेयर किए गए वीडियो में एक शख्स छोटी सी सुनहरे रंग की डिबिया दिखाता नजर आ रहा है. वीडियो में वह दावा करता है कि यह चुनौटी प्योर गोल्ड से बनी है और इसकी कीमत 7 लाख रुपये है. उसके मुताबिक यह चुनौटी उसके सर जी की है.
वीडियो में पास बैठे एक अन्य शख्स से जब इसकी कीमत पूछी जाती है तो वह इसकी कीमत 7 लाख 75 हजार रुपये बताता है. हालांकि वीडियो में किए गए सोने और कीमत से जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
कैसी रही लोगों की प्रतिक्रिया?
वीडियो वायरल होने के बाद लोग इस पर तरह तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ यूजर्स ने इतनी महंगी चुनौटी को लेकर मजेदार कमेंट किए तो कुछ लोगों ने इसे दिखावे से जोड़ा. एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि लगता है भाई थैनोस के वंशज हैं. वहीं कुछ लोगों ने दावा किया कि डिबिया पर सिर्फ सोने की परत चढ़ी हो सकती है.
सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. जहां कुछ लोग इसे शौक की इंतहा बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसकी असली कीमत और सोने की शुद्धता पर सवाल उठा रहे हैं.