प्रिंस विलियम और केट मिडलटन ने सचिन तेंदुलकर के साथ खेला 'गली क्रिकेट', वीडियो हुआ वायरल

मुंबई के बैलार्ड एस्टेट में प्रिंस विलियम और केट मिडलटन ने क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर से मुलाकात की. इस दौरान प्रिंस विलियम ने सचिन के साथ गली क्रिकेट खेला, जबकि केट मिडलटन ने उनका उत्साह बढ़ाया.

Instagram India Daily 24x7
Km Jaya

ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन इन दिनों भारत दौरे पर हैं. मुंबई में उन्होंने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर से मुलाकात की. इस दौरान शाही जोड़े ने सचिन के साथ गली क्रिकेट भी खेला, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

प्रिंस विलियम और केट मिडलटन ने मुंबई के बैलार्ड एस्टेट में सचिन तेंदुलकर से मुलाकात की. इस खास मुलाकात की कई तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं. दोनों शाही मेहमान सचिन के साथ काफी सहज अंदाज में बातचीत करते नजर आए. क्रिकेट को लेकर तीनों के बीच दिलचस्प चर्चा हुई. सचिन अपने हाथों के इशारों से खेल से जुड़ी कुछ बातें समझाते दिखाई दिए, जबकि प्रिंस विलियम और केट मिडलटन उनकी बातों को मुस्कुराते हुए सुनते रहे.

भारतीय अंदाज में मेहमानों की खातिरदारी 

इस दौरान भारतीय अंदाज में मेहमानों की खातिरदारी भी की गई. प्रिंस विलियम और केट मिडलटन एक खास तौर पर तैयार किए गए चाय के स्टॉल पर पहुंचे, जहां उन्हें पारंपरिक कुल्हड़ में चाय परोसी गई. शाही जोड़े ने इस खास अनुभव का आनंद लिया. भारतीय संस्कृति और देसी अंदाज से जुड़ी इस मुलाकात ने लोगों का ध्यान खींचा.


सचिन के साथ प्रिंस विलियम ने खेला गली क्रिकेट

बैलार्ड एस्टेट में आयोजित इस कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण गली क्रिकेट रहा. यहां प्रिंस विलियम और केट मिडलटन को स्कूली बच्चों के साथ गली क्रिकेट में हिस्सा लेना था. इस दौरान सचिन तेंदुलकर ने प्रिंस विलियम को क्रिकेट खेलने के कुछ टिप्स भी दिए. सचिन उन्हें खेल के बारे में समझाते नजर आए.

इसके बाद प्रिंस विलियम ने सचिन के साथ क्रिकेट खेला. केट मिडलटन भी मैदान के किनारे खड़ी होकर इस गतिविधि का आनंद लेती दिखाई दीं. सचिन, प्रिंस विलियम और केट ने बारी-बारी से बल्लेबाजी की. इस दौरान तीनों का अंदाज काफी खुशनुमा रहा. क्रिकेट के मैदान पर शाही मेहमानों का यह देसी अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है.

शाही जोड़े का दिखा खास अंदाज

इस कार्यक्रम के लिए प्रिंस विलियम ने सफेद शर्ट के साथ नेवी ब्लू रंग की स्लीवलेस नेहरू स्टाइल जैकेट और गहरे रंग की पैंट पहनी थी. वहीं, केट मिडलटन हल्के लाइम ग्रीन रंग के डबल ब्रेस्टेड ब्लेजर, सफेद टॉप और मैचिंग ट्राउजर में बेहद खूबसूरत नजर आईं.

दूसरी ओर, सचिन तेंदुलकर ने नेवी ब्लू शर्ट और डार्क डेनिम ट्राउजर पहना था. उनका लुक काफी स्मार्ट और कैजुअल नजर आया. तीनों की मुलाकात के दौरान क्रिकेट के प्रति उत्साह और आपसी गर्मजोशी साफ दिखाई दी.

Earthshot Prize को लेकर भी साझा किया संदेश

इससे पहले सुबह प्रिंस विलियम और केट मिडलटन ने पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ विकास को लेकर भी अपना संदेश साझा किया. शाही जोड़े ने भारत में आयोजित होने वाले इस साल के Earthshot Prize कार्यक्रम में शामिल होने पर खुशी जताई.

प्रिंस और प्रिंसेस ऑफ वेल्स के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी में साझा संदेश में कहा गया कि कैथरीन और वह इस साल के Earthshot Prize के लिए भारत आकर बेहद खुश हैं. यह पहल पर्यावरण से जुड़ी नई सोच, नवाचार और टिकाऊ समाधानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है.