'आज सूरज पार्टी देगा', बच्चे की छोटी सी खुशी ने लोगों को कर दिया भावुक; देखें वीडियो
झारखंड के बच्चे सूरज की साधारण मैगी बर्थडे पार्टी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. बच्चों की खुशी और दोस्ती ने लाखों लोगों का दिल जीत लिया.
रांची: झारखंड के एक छोटे से बच्चे सूरज की सादगी भरी बर्थडे पार्टी ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया है. बिना महंगे केक, बड़ी सजावट या आलीशान इंतजाम के मनाई गई यह पार्टी अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सूरज अपने दोस्तों के साथ खुले मैदान में छोटा सा जन्मदिन मना रहा है. पार्टी में सिर्फ एक पैकेट मैगी, एक बोतल फैंटा और छोटा सा स्टोव था लेकिन बच्चों की खुशी और दोस्ती ने इस साधारण पल को बेहद खास बना दिया.
वीडियो में क्या दे रहा दिखाई?
वीडियो की शुरुआत में सूरज का एक दोस्त उत्साह से बताता है कि आज सूरज पार्टी देगा. इसके बाद सूरज खुद स्टोव पर मैगी बनाते नजर आता है, जबकि उसके दोस्त उसके आसपास बैठकर हंसते-मुस्कुराते दिखाई देते हैं. बच्चों के चेहरों की खुशी ने लोगों को भावुक कर दिया.
सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि यह वीडियो याद दिलाता है कि असली खुशी महंगी चीजों में नहीं बल्कि अपने लोगों के साथ बिताए छोटे-छोटे पलों में होती है. कई लोगों ने इस पार्टी को 'रियल हैप्पीनेस' और 'दिल छू लेने वाला पल' बताया.
लोगों का कैसा रहा रिएक्शन?
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस वीडियो को करीब 30 लाख व्यूज मिल चुके हैं. कमेंट सेक्शन में लोग सूरज को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं और बच्चों की मासूमियत की तारीफ कर रहे हैं.
वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने सूरज की मदद करने की इच्छा भी जताई. कुछ यूजर्स ने उसके लिए UPI डिटेल्स मांगनी शुरू कर दी ताकि वे उसे गिफ्ट या आर्थिक सहायता भेज सकें. इंटरनेट पर लोगों की यह संवेदनशीलता भी चर्चा का विषय बन गई.
यह वीडियो सोशल मीडिया की उस ताकत को भी दिखाता है, जहां छोटी और सच्ची कहानियां लाखों लोगों को जोड़ देती हैं. सूरज की छोटी सी मैगी पार्टी अब लोगों के लिए खुशी, दोस्ती और सादगी की मिसाल बन गई है.