T20 World Cup 2026

'मेरी इनकम जाननी है तो CBI या इनकम टैक्स  के ऑफिस जाओ...', कमाई पूछी तो भड़क गए अखिलेश यादव

Akhilesh Yadav: यूपी के पूर्व सीएम और कन्नौज से मौजूदा सांसद अखिलेश ने कहा है कि अगर उनकी आय जानने हो तो सीबीआई या इनकम टैक्स के ऑफिस जाइए. उनसे पूछा गया था कि राजनीति में आने से पहले उनकी आय कितनी थी और अब उनकी आय कितनी है. इसी को लेकर अखिलेश भड़क गए. उन्होंने हल्के अंदाज में यह भी कहा कि कभी उनकी आय भी पूछिए जो कहते थे कि झोला उठाकर चला जाऊंगा. हालांकि, उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया.

Social Media
India Daily Live

समाजवादी पार्टी (SP) के मुखिया अखिलेश यादव अक्सर मीडिया के सवालों पर ऐसा जवाब देते हैं कि वह चर्चा का विषय बन जाता है. उनका एक ऐसा ही बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में पहुंचे अखिलेश यादव से उनकी पहले की और अब की कमाई पूछ ली गई थी. इसी को लेकर वह भड़क गए और कहा कि कमाई जाननी है तो सीबीआई या इनकम टैक्स विभाग से पूछ लो. इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि कभी उनकी भी आय पूछ लो जो कहते हैं कि झोला उठाकर चले जाएंगे.

इस कार्यक्रम में अखिलेश यादव के अलावा बीजेपी सांसद और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी भी मौजूद थे. मनोज और अखिलेश यादव साथ-साथ ही बैठे थे. इसको लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि आपको शायद यह नहीं पता होगा कि मनोज तिवारी अपना पहला चुनाव किस पार्टी से और कहां से लड़े थे. इसको लेकर खूब तालियां भी बजीं. इसी कार्यक्रम में एक शख्स ने पूछा कि जब आपने अपना राजनीतिक करियर शुरू किया तब आपकी आय कितनी थी और अब आपकी आय कितनी है?

'कभी उनसे भी इनकम पूछ लेना'

इसका जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने कहा, 'मैं इनसे जानना चाहता हूं कि ये किसलिए मेरी इनकम जानना चाहते हैं. मैं 20 साल से ज्यादा सीबीआई की जांच में रहा हूं तो अगर आपको मेरी बैलेंसशीट चेक करनी है तो सीबीआई ऑफिस जाइए या इनकम टैक्स ऑफिस जाइए. मैं मिलिट्री स्कूल से पढ़ा हूं, आर्मी स्कूल से नहीं है. अपने आप को ठीक कीजिए. मैंने स्वदेश इसलिए बोला कि हमारे अपने लोग आगे बढ़ें, हमारा अपना फायदा हो. कभी इनकम उनकी भी पूछ लेना जो यह कहते रहे हों कि मैं तो झोला लेकर चला जाऊंगा.'

लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, 'विरोधी अभी भी समीक्षा कर रहे हैं कि यूपी में वे क्यों हार गए. एक तरफ वे यूपी की हार देखते हगैं तो दूसरी करवट लेते हैं लेकिन फिर अयोध्या की हार देखते हैं तो दूसरी करवट भी नहीं सो पाते.'