VIDEO: बालकनी से गिरा 5 साल का बच्चा, दुकानदार ने ऐसे बचा ली जान; CCTV में कैद हुआ रोंगटे खड़े कर देने वाला रेस्क्यू

मिस्र के गीजा में अहमद रागब नाम के एक दुकानदार ने बालकनी से गिर रहे 5 साल के बच्चे को जमीन पर गिरने से पहले दौड़कर पकड़ लिया. घटना 29 सितंबर को अर्द एल-लेवा इलाके में हुई और CCTV में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई.

@IndiaDaily_24X7 X Account
Km Jaya

मिस्र के गीजा में एक दुकानदार ने ऐसा साहस दिखाया, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. बालकनी से गिर रहे 5 साल के बच्चे को जमीन पर गिरने से कुछ सेकंड पहले ही एक युवक ने दौड़कर पकड़ लिया. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो इलाके में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

यह घटना 29 सितंबर को गीजा के अर्द एल-लेवा इलाके में हुई. CCTV फुटेज में दिखाई देता है कि सड़क पर सामान्य रूप से लोगों की आवाजाही चल रही थी. तभी अचानक ऊपर स्थित एक इमारत की बालकनी से एक छोटा बच्चा नीचे गिरता दिखाई देता है. आसपास मौजूद लोगों को कुछ समझ आता, उससे पहले एक दुकानदार बच्चे की ओर तेजी से दौड़ पड़ा.

कैसे बचाई बच्चे की जान?

बच्चे को बचाने वाला युवक अहमद रागब बताया जा रहा है. वह अपनी दुकान के पास मौजूद था, तभी उसे शोर और बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी. उसने ऊपर देखा तो उसे अंदाजा हो गया कि बच्चा गंभीर खतरे में है. इसके बाद वह बिना समय गंवाए उस जगह की ओर दौड़ा, जहां बच्चा गिरने वाला था.


कुछ ही सेकंड बाद बच्चा बालकनी से नीचे गिरा. अहमद ने खुद को सही जगह पर पहुंचाया और गिरते हुए बच्चे को अपनी बाहों में पकड़ लिया. बच्चा सीधे जमीन से टकराने से बच गया. भीड़भाड़ वाली संकरी सड़क और बेहद कम प्रतिक्रिया समय के बीच किया गया यह बचाव किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं था.

घटना के बाद अहमद ने क्या बताया?

अहमद ने घटना के बाद बताया कि उसके पास सोचने का समय ही नहीं था. उसने कहा कि जब उसने शोर सुना तो वह बाहर कुछ खरीदने गया था. अचानक उसकी नजर बच्चे पर पड़ी और उसने सिर्फ उसे बचाने के बारे में सोचा. उसे यह तक सोचने का मौका नहीं मिला कि वह बच्चे को पकड़ पाएगा या नहीं.

अहमद ने बताया कि उसने सिर्फ अपनी सहज प्रतिक्रिया के आधार पर बच्चे की ओर दौड़ लगाई. उसके मुताबिक, वह किसी बच्चे को अपनी आंखों के सामने गिरते हुए देखकर चुपचाप खड़ा नहीं रह सकता था. बच्चे के सुरक्षित बच जाने के बाद ही उसे एहसास हुआ कि कुछ ही पल पहले कितना बड़ा हादसा हो सकता था.