पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की तैयारी, शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा में प्रस्ताव लाने का किया ऐलान

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य का नाम बदलकर पश्चिम बंग करने की घोषणा की है. इसके लिए अगले महीने की 6 तारीख को विधानसभा में प्रस्ताव लाया जाएगा.

Pinterest
Km Jaya

पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की तैयारी शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को घोषणा की कि राज्य का नाम बदलकर 'पश्चिम बंग' किया जाएगा. इसके लिए अगले महीने की 6 तारीख को विधानसभा में प्रस्ताव यानी रेजोल्यूशन पेश किया जाएगा. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने राज्य में गोहत्या रोकने और बूढ़ी गायों के पालन-पोषण के लिए आर्थिक सहायता देने की योजना का भी ऐलान किया है.

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य के नाम परिवर्तन को लेकर जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सरकार विधानसभा में पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर पश्चिम बंग करने का प्रस्ताव लाएगी. विधानसभा में प्रस्ताव पेश होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.

राज्य का नाम बदलने का मुद्दा 

राज्य का नाम बदलने का मुद्दा पहले भी राजनीतिक चर्चाओं में उठता रहा है. भारतीय जनता पार्टी की ओर से लंबे समय से पश्चिम बंगाल का नाम पश्चिम बंग करने की मांग की जाती रही है. इससे पहले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने भी कहा था कि राज्य का नाम बदलने के लिए विधानसभा में विधेयक लाया जाएगा. उनका कहना था कि नाम को राज्य के इतिहास और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने के उद्देश्य से यह कदम उठाया जा रहा है.

क्यों बदलना चाहती है सरकार राज्य का नाम?

राज्य का नाम बदलने के पीछे इतिहास और सांस्कृतिक पहचान को प्रमुख वजह बताया जा रहा है. बीजेपी नेताओं का कहना है कि पश्चिम बंग नाम राज्य की ऐतिहासिक पहचान को बेहतर तरीके से प्रदर्शित करेगा. हालांकि, नाम बदलने के लिए विधानसभा में प्रस्ताव पारित होने के बाद भी संवैधानिक प्रक्रिया पूरी करनी होगी. किसी राज्य का नाम बदलने का अंतिम अधिकार संसद के पास होता है. इसके लिए संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत संसद में कानून पारित करना आवश्यक है.

गोहत्या रोकने को लेकर मुख्यमंत्री का बड़ा बयान

प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में गोहत्या रोकने को लेकर भी अपनी सरकार का रुख स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि राज्य में गायों को काटने की अनुमति नहीं दी जाएगी. उनके मुताबिक, अभी भी कुछ जगहों पर चोरी-छिपे गोहत्या की घटनाएं हो रही हैं और सरकार इस पर कार्रवाई कर रही है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता में आने के बाद 1950 के कैटल एक्ट को लागू किया गया है. इस मामले में हाईकोर्ट का आदेश भी मौजूद है. उन्होंने स्पष्ट किया कि स्लॉटर हाउस से जुड़ी व्यवस्था अलग है, लेकिन गायों को अवैध तरीके से काटने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

बूढ़ी गायों के के लिए अनुदान

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बूढ़ी गायों की देखभाल को लेकर नई योजना लाने की भी जानकारी दी. इसके तहत ऐसी संस्थाओं को सरकार की ओर से एक लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा, जो बूढ़ी गायों को अपने यहां रखकर उनका पालन-पोषण करेंगी. सरकार का उद्देश्य इन गायों की देखभाल के लिए संस्थाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है.

इस तरह राज्य सरकार की ओर से नाम परिवर्तन के प्रस्ताव के साथ गोसंरक्षण और पशुपालन से जुड़े मुद्दों को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई है. अब सभी की नजर विधानसभा में 6 तारीख को पेश होने वाले प्रस्ताव और उसके बाद होने वाली प्रक्रिया पर रहेगी.