BRICS 2026

महिला ने सिर्फ मोमबत्ती बेचकर कमाए 63 करोड़, फिर हुई गिरफ्तार; आखिर क्यों?

इन मोमबत्तियों को क्रिस्टल, सूखे फूल और खुशबूदार तेल से सजाया जाता था और इनकी कीमत 38000 रुपए से लेकर एक लाख रुपए तक जाती थी.

pixabay
Sagar Bhardwaj

चीन में इन दिनों युवाओं के बीच 'विश कैंडल' का चलन तेजी से बढ़ा है. इन मोमबत्तियों को किस्मत बदलने, प्यार दिलाने और करियर में सफलता दिलाने का दावा किया जाता है. इसी ट्रेंड के सहारे एक मशहूर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने करोड़ों की कमाई कर ली. अब उसी इंफ्लुएंसर को धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि उसने लोगों की भावनाओं का फायदा उठाकर भारी रकम जुटाई.

कैसे शुरू हुआ पूरा खेल

ली झुओफान नाम की इस महिला ने पहले एक विदेशी रियलिटी शो में हिस्सा लिया था, जहां उसने खुद को रहस्यमयी शक्तियों वाली बताया. शो के बाद उसकी लोकप्रियता बढ़ी. चीन लौटने पर उसने ऑनलाइन हाथ से बनी “विश कैंडल” बेचना शुरू किया. वह दावा करती थी कि अलग-अलग मोमबत्तियां अलग तरह की किस्मत बदल सकती हैं.

बड़े दावे कर महंगे दामों पर बेची जाती थीं मोमबत्ती

इन मोमबत्तियों को क्रिस्टल, सूखे फूल और खुशबूदार तेल से सजाया जाता था और इनकी कीमत 38000 रुपए से लेकर एक लाख रुपए तक जाती थी. भारतीय रुपये में यह रकम लाख रुपये से भी ज्यादा बैठती है. ली का कहना था कि कुछ कैंडल धन आकर्षित करेंगी, कुछ टूटा रिश्ता जोड़ देंगी और कुछ नौकरी में तरक्की दिलाएंगी.

ऑनलाइन कोर्स से भी कमाई

मोमबत्तियों के साथ ली ऑनलाइन भविष्यवाणी से जुड़े कोर्स भी बेचती थी. वह लोगों को सिखाती थी कि लौ की दिशा या जलने के समय से संकेत कैसे समझे जाएं. सोशल मीडिया पर उसकी टीम लगातार वीडियो डालती थी, जिससे उसकी छवि एक आध्यात्मिक गुरु जैसी बन गई.

शिकायत के बाद खुला मामला

एक ग्राहक ने दुकान में ग्राहकों की संख्या बढ़ाने के लिए कैंडल खरीदी, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. उसने पुलिस में शिकायत की. जांच के दौरान सामने आया कि ली ने 50 मिलियन युआन से ज्यादा, यानी करीब 66 करोड़ रुपये कमा लिए थे. इसके बाद उसे धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया.

बढ़ता मेटाफिजिकल बाजार

चीन में क्रिस्टल, टैरो कार्ड और ऐसे आध्यात्मिक उत्पादों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है. पढ़ाई और नौकरी के दबाव में कई युवा ऐसे उत्पादों की ओर आकर्षित हो रहे हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि लोगों की उम्मीदों और डर का फायदा उठाकर कुछ लोग मोटी कमाई कर रहे हैं. पुलिस ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है.