IT की नौकरी छोड़ी... बनीं Rapido ड्राइवर, बोली- 'लोग क्या कहेंगे' की परवाह नहीं अब ज्यादा कमाती हूं
बेंगलुरु की एक महिला ने पिता के निधन के बाद IT की नौकरी छोड़कर Rapido ऑटो चलाना शुरू कर दिया. नाइट शिफ्ट के कारण वह अपनी मां को पर्याप्त समय नहीं दे पा रही थीं, इसलिए उन्होंने करियर बदलने का फैसला किया.
बेंगलुरु की एक महिला इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं. कभी IT सेक्टर में नौकरी करने वाली यह महिला अब Rapido ऑटो चलाती हैं. उन्होंने यह फैसला अपने पिता के निधन के बाद लिया. उनका कहना है कि IT नौकरी के दौरान नाइट शिफ्ट और व्यस्त काम के कारण वह अपनी मां को पर्याप्त समय नहीं दे पा रही थीं.
अब ऑटो चलाकर वह अपनी मां के साथ ज्यादा समय बिता पा रही हैं और उनकी कमाई भी पहले से ज्यादा है. डिजिटल कंटेंट क्रिएटर तन्वी ने इंस्टाग्राम पर इस महिला के साथ बातचीत का एक वीडियो शेयर किया. इसमें महिला ने अपने करियर बदलने के फैसले, परिवार की जिम्मेदारियों और ऑटो ड्राइविंग के अनुभव के बारे में बताया.
पिता की मौत के बाद लिया बड़ा फैसला
महिला ने बताया कि जब वह IT सेक्टर में काम कर रही थीं, तब उनके पिता का निधन हो गया. उस समय उनकी नौकरी में नाइट शिफ्ट भी होती थी. काम की व्यस्तता के कारण उन्हें अपनी मां के साथ पर्याप्त समय बिताने में परेशानी हो रही थी. पिता के निधन के बाद उन्हें महसूस हुआ कि परिवार और खासकर अपनी मां के साथ रहना उनके लिए ज्यादा जरूरी है. इसके बाद उन्होंने IT की नौकरी छोड़ने का फैसला किया और Rapido के साथ ऑटो चलाना शुरू कर दिया.
Also Read
- Viral Video: केदारनाथ यात्रा पर आए मुंबई के 2 बुजुर्ग तीर्थयात्रियों की खच्चर वालों ने डंडों से की पिटाई, जानें वजह
- इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर का 'सनातनी प्रोटीन ब्रेकफास्ट' हुआ वायरल, जानिए तमाल की थाली में क्या-क्या है खास?
- नोबेल मिला तो साथियों ने तालाब में फेंक दिया! वजह जानकर आप भी रह जाएंगे हैरान; देखें वायरल वीडियो
परिवार भी पहले नहीं था तैयार
महिला के मुताबिक, उनके इस फैसले को शुरुआत में परिवार का पूरा समर्थन नहीं मिला. लोगों के मन में यह सवाल था कि IT की नौकरी छोड़कर ऑटो चलाना कैसा फैसला है. लेकिन महिला ने किसी की बात की परवाह किए बिना अपना निर्णय लिया. उन्होंने कहा कि ऑटो चलाना कोई खराब पेशा नहीं है. उनके लिए यह काम उन्हें आर्थिक स्वतंत्रता के साथ परिवार को समय देने का मौका भी देता है.
'अब IT से ज्यादा कमाती हूं'
महिला ने बातचीत में दावा किया कि ऑटो चलाकर अब उनकी कमाई IT की पिछली नौकरी से ज्यादा है. यही वजह है कि उन्हें अपने करियर बदलने के फैसले पर कोई पछतावा नहीं है. उन्होंने बताया कि कई यात्री उनकी शैक्षणिक और पेशेवर पृष्ठभूमि जानकर हैरान रह जाते हैं. कुछ लोगों ने उनसे सवाल किया कि वह इतनी अच्छी अंग्रेजी बोलती हैं और फिर भी ऑटो क्यों चलाती हैं. महिला के मुताबिक, ऐसे सवाल यह दिखाते हैं कि समाज आज भी अलग-अलग पेशों को लेकर कई तरह की धारणाएं रखता है.
'लोग क्या कहेंगे?' की परवाह नहीं
वीडियो शेयर करते हुए तन्वी ने लिखा, 'लेकिन लोग क्या कहेंगे?' उन्होंने महिला की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने समाज की उम्मीदों के बजाय अपनी जिंदगी और जिम्मेदारियों को प्राथमिकता दी.
तन्वी ने कहा कि महिला ने स्वतंत्रता को चुना और अपनी जिंदगी का फैसला खुद करने का साहस दिखाया. उन्होंने यह भी बताया कि महिला अपने परिवार की अकेली बेटी हैं और ऐसे क्षेत्र में काम कर रही हैं जिसे अक्सर पुरुषों से जोड़कर देखा जाता है. तन्वी ने उन्हें ऐसी बेंगलुरु की लड़की बताया जिसने यह तय किया कि उसकी जिंदगी के फैसलों के लिए उसे समाज की अनुमति की जरूरत नहीं है.
सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने महिला के फैसले की जमकर तारीफ की. कई लोगों ने कहा कि करियर का चुनाव केवल समाज की अपेक्षाओं के आधार पर नहीं होना चाहिए. एक यूजर ने उनकी मां को रात में अकेला न छोड़ने की वजह से उनके फैसले को गर्व की बात बताया. दूसरे यूजर ने कहा कि यह कहानी प्रेरणादायक है और कॉरपोरेट सेक्टर को भी इस पर विचार करना चाहिए कि आखिर कोई कर्मचारी IT नौकरी की तुलना में ऑटो चलाना बेहतर क्यों समझता है.
एक अन्य यूजर ने लिखा कि जिंदगी में वही फैसले लेने चाहिए जिन्हें व्यक्ति खुद सही मानता है. महिला की कहानी ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि सफलता का पैमाना सिर्फ नौकरी का पद या पेशा नहीं, बल्कि आर्थिक स्वतंत्रता, परिवार और अपनी पसंद की जिंदगी भी हो सकती है.