Assam Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

खाली पड़े घर का आया 1.99 करोड़ का बिजली बिल, ऑनलाइन चैक किया तो देखकर परिवार के उड़े होश

ऑनलाइन बिजली का बिल देखकर परिवार के होश उड़ गए. उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी बिजली विभाग के अधिकारियों को दी.

pinterest
Sagar Bhardwaj

आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के समरलकोटा इलाके से एक अजीब मामला सामने आया है. यहां एक खाली पड़े घर के लिए बिजली विभाग ने 1.99 करोड़ रुपये का बिल जारी कर दिया. इतना बड़ा बिल देखकर घर के मालिक और उनके परिवार के लोग हैरान रह गए. यह घर TIDCO हाउसिंग कॉलोनी में स्थित है और यह दासरी दुर्गा के नाम पर दर्ज है.

लंबे समय से खाली पड़ा है घर

परिवार के अनुसार यह घर काफी समय से खाली पड़ा हुआ है. वहां कोई भी व्यक्ति नहीं रह रहा है और बिजली का इस्तेमाल भी नहीं हो रहा था. ऐसे में अचानक करोड़ों रुपये का बिल आना उनके लिए बिल्कुल अप्रत्याशित था. परिवार का कहना है कि इतनी बड़ी रकम का बिल देखकर वे काफी परेशान हो गए.

 ऑनलाइन बिल देखते ही उड़े होश

परिवार को इस मामले की जानकारी तब हुई जब बिजली का बिल ऑनलाइन जारी हुआ. जैसे ही उन्होंने बिल देखा, वे घबरा गए. तुरंत ही परिवार के सदस्य बिजली विभाग के स्थानीय दफ्तर पहुंचे और अधिकारियों को पूरी बात बताई. उन्होंने अधिकारियों से बिल की जांच करने और गलती को ठीक करने की मांग की.

जांच में सामने आई तकनीकी गड़बड़ी

शिकायत मिलने के बाद बिजली विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू की. अधिकारियों ने घर के बिजली मीटर और बिलिंग से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की. जांच में पता चला कि हाल ही में उस घर में नया बिजली मीटर लगाया गया था. इसी दौरान तकनीकी गड़बड़ी की वजह से सिस्टम में गलत रीडिंग दर्ज हो गई और बिल बहुत ज्यादा बन गया.

 विभाग ने गलती मानकर बिल किया सही

जांच पूरी होने के बाद बिजली विभाग ने माना कि यह पूरी तरह तकनीकी गलती का मामला था. इसके बाद अधिकारियों ने तुरंत बिल को ठीक किया और नया संशोधित बिल जारी कर दिया. संशोधित बिल में केवल 147 रुपये का भुगतान दिखाया गया, जो असल बिजली खपत के हिसाब से सही था.