एंप्लॉय को याद आ रहे थे घर के आम, बॉस ने भिजवा दी पूरी पेटी; सोशल मीडिया पर वायरल हुई कहानी

सोशल मीडिया पर एक किस्सा काफी वायरल हो रहा है. जिसमें एक महिला ने बताया कि कैसे उसके बॉस ने उसे अच्छे आम गिफ्ट किया.

X @MudrikaKavdia
Shanu Sharma

सोशल मीडिया पर अक्सर कोई ना कोई वीडियो या कोई पोस्ट वायरल होता रहता है. ऐसा ही एक पोस्ट मुंबई से वायरल हो रहा है. व्यस्त शहर मुंबई में ऑफिस की एक साधारण सी बातचीत एक अनोखे और दिल छू लेने वाले पल में बदल गई.

एक महिला कर्मचारी ने अपने डायरेक्टर से बस यूं ही अपने गांव के आमों की याद व्यक्त की थी, जिसके दो दिन बाद उनके घर दो पूरे डिब्बे ताजे आमों के पहुंच गए. यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोगों को भावुक कर रही है.

मुंबई की रहने वाली महिला 

एक्स यूजर मुद्रिका कावड़िया ने अपनी पोस्ट में बताया कि कुछ दिन पहले मीटिंग के दौरान उन्होंने अपने डायरेक्टर से अनजाने में कह दिया था कि मुंबई में अच्छे आम नहीं मिल रहे हैं और वे अपनी दादी के साथ उन्हें बहुत याद कर रहे हैं. उनके डायरेक्टर, जो मूल रूप से मुंबई के रहने वाले हैं लेकिन फिलहाल लंदन में रहते हैं, इस छोटी सी बात को भूल नहीं पाए.

सोशल मीडिया पर शेयर किया पोस्ट

मुद्रिका ने लिखा कि मैंने यूं ही कह दिया था कि हमें अच्छे आम नहीं मिल रहे हैं. मैं और दादी उन आमों को कितना याद करते हैं. मात्र दो दिन बाद उनके निर्देश पर किसी व्यक्ति ने उनके घर आमों के दो पूरे डिब्बे पहुंचा दिए. मुद्रिका ने पोस्ट में ताज़े आमों से भरे बड़े कटोरे और डिब्बों की तस्वीरें भी साझा कीं. पोस्ट में मुद्रिका ने सादगी भरे शब्दों में अपने बॉस को धन्यवाद देते हुए लिखा कि भगवान ऐसे लीडर्स को आशीर्वाद दे. उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर लोगों के दिलों को छू गई है. हजारों यूजर्स ने इसे लाइक और शेयर किया तथा अपनी प्रतिक्रियाएं दीं.

पोस्ट पर लोगों का कमेंट

इस घटना को लोगों ने बेहद प्यारा और अनोखा बताया. एक यूजर ने कमेंट में लिखा कि भगवान उस डायरेक्टर को आशीर्वाद दे और मेरी जिंदगी में भी ऐसे ही डायरेक्टर भेजे. दूसरे यूजर ने कहा कि कितना प्यारा भाव है, वह वाकई एक अच्छा बॉस है. कई लोगों ने लिखा कि काम की जगह पर ऐसे छोटे-छोटे संवेदनशील कार्य कर्मचारियों के मन पर गहरा और स्थायी प्रभाव छोड़ते हैं. कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब वे भी मीटिंग में अपने पसंदीदा फल या खाने की चीजों का जिक्र करेंगे, उम्मीद है कि उन्हें भी ऐसा सरप्राइज मिल जाए.