थाने में खुद को जलाने वाली थी मां! लाइटर गिरा और बेटे ने ही लगा दी आग, फिर खुद ही बनाने लगा वीडियो

Viral Video News: यूपी के अलीगढ़ से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक कलयुगी बेटे ने थाने के अंदर ही अपनी मां को आग लगा दी और खुद अपने फोन से उसका वीडियो बनाता रहा. पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया है और उसके बेटे को हिरासत में ले लिया है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Social Media
India Daily Live

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. अलीगढ़ में जमीन के विवाद का मामला थाने तक पहुंचा था. पुलिस मामले का हल निकलवाने की कोशिश कर रही थी लेकिन अचानक थाने में ही आग लगाने की घटना हो गई. सूत्रों के मुताबिक, एक महिला थाने में खुद को आग लगाने कीशिश कर रही थी जब तक पुलिस उसे रोक पाती तब तक उसके बेटे ने ही अपनी मां को आग लगा दी. महिला 40 पर्सेंट जल गई और उसे बचाने की कोशिश में पुलिसकर्मी के हाथ भी जल गए हैं. पुलिस स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे में पूरा वीडियो रिकॉर्ड हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

सोशल मीडिया पर हुए वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला अपने ऊपर तेल डालती हुई आ रही है और उसके पीछे-पीछे उसका बेटा मोबाइल से वीडियो बनाते हुए आ रहा है. पुलिस वाले को पास आते देख महिला खुद को आग लगाने की धमकी देने लगती है. अचानक महिला के हाथ से लाइटर गिर जाता है. महिला का बेटा तुरंत लाइटर उठाता है और आग लगा देता है. पहले से तेल पड़ा होने की वजह से महिला के कपड़े तेजी से जलने लगते हैं और उसका बेटा दूर भागता है.

आग लगाकर वीडियो बनाता रहा बेटा

दूर जाते ही वह फिर से अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगता है. उसकी मां चीखती-चिल्लाती रहती है लेकिन वह मां को बचाने के बजाय अपने फोन से उसका वीडियो बनाता रहा. आखिर में पुलिसकर्मियों ने जैसे-तैसे करके महिला के शरीर पर लगी आग बुझाई और तुरंत अस्पताल भेजा. पुलिस ने महिला के बेटे को हिरासत में ले लिया है और उससे भी पूछताछ की जा रही है.

इस मामले में अलीगढ़ के SSP ने कहा है, 'हमने जो तफ्तीश की है उसमें पता चला है कि हेमलता का अपने पति के मामा से विवाद चल रहा है. विवाद जमीन के कब्जे को लेकर है. उन्होंने एक एफआईआर भी करवाई है जिसमें चार्जशीट भी लग चुकी है. आज थाने बुलाया गया था कि अगर इनको मकान चाहिए तो आप कहीं और बनवा दीजिए. इनके बीच पैसे की बात चल रही थी, पैसे में ये लोग किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पाए. इतने में महिला बाहर गई और उसके बेटे ने आग लगा दी.'

अस्पताल में भर्ती है महिला

उन्होंने आगे कहा, 'इसका पूरा वीडियो हमारे थाने के सीसीटीवी फुटेज में दर्ज है. उनके परिवार को पूरा वीडियो दिखाया गया है. उसके बेटे ने पुलिस के रोकते-रोकते जबरन आग लगा दी. आग बुझाने में पुलिसवाले के हाथ भी जले हैं. महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया है. जहां उसकी हालत अभी ठीक है. डॉक्टर ने कहा है कि 40 पर्सेंट बर्न है. हम कोशिश कर रहे हैं कि बेहतर इलाज मिले. परिजन का आरोप है कि उन लोगों ने मारपीट की इसलिए महिला ने आग लगा ली. हमने कहा कि इसके लिए वह पहले ही एफआईआर लिखा चुकी हैं लेकिन अभी भी शिकायत देना चाहें तो करवा सकती हैं.'

पुलिस ने बताया है कि सूचना के मुताबिक, महिला पहले भी एक-दो बार थाने में आ चुकी हैं.