उम्र नहीं, हौसला तय करता है मंजिल... 50 साल की उम्र में फिर पहुंचीं कॉलेज; 35 साल बाद दिया बैक इग्जाम
35 साल बाद कॉलेज लौटकर एग्जाम देने पहुंचीं 50 साल की महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रहा है. परिवार के समर्थन और उनके हौसले की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं.
कहते हैं कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती और अगर इरादे मजबूत हों तो अधूरे सपने भी पूरे किए जा सकते हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने इस बात को फिर साबित कर दिया है. 50 साल की एक महिला 35 साल बाद अपना अधूरा एग्जाम पूरा करने के लिए कॉलेज पहुंचीं और अब उनकी कहानी लाखों लोगों को प्रेरित कर रही है. वीडियो में महिला का आत्मविश्वास और उत्साह देखकर लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं. कई यूजर्स इसे जज्बे और मेहनत की मिसाल बता रहे हैं.
35 साल बाद कॉलेज कैंपस में हुई वापसी
वायरल वीडियो में महिला अपने कॉलेज कैंपस में प्रवेश करती नजर आती हैं. उनके चेहरे पर खुशी, उत्साह और आत्मविश्वास साफ दिखाई देता है. वह एक ऐसे एग्जाम के लिए कॉलेज पहुंची थीं जिसे कई साल पहले किसी वजह से पूरा नहीं कर सकी थीं. तीन दशक से ज्यादा समय बाद पढ़ाई की दुनिया में उनकी वापसी लोगों के लिए प्रेरणा का विषय बन गई है. यह वीडियो इंस्टाग्राम पर मंजू नारंग नाम के अकाउंट से शेयर किया गया था. वीडियो के साथ लिखा गया कि पढ़ाई करने की कोई उम्र नहीं होती. वीडियो में एक मजेदार लाइन भी जोड़ी गई थी जिसमें कहा गया कि 35 साल बाद भी बैक पेपर क्लियर करने के लिए एग्जाम देने जाना पड़ रहा है. इस हल्के फुल्के अंदाज ने वीडियो को और भी खास बना दिया.
Also Read
एग्जाम को लेकर दिखा उत्साह
कॉलेज की ओर बढ़ते हुए महिला कैमरे से बात करती हैं और अपनी खुशी जाहिर करती हैं. वह बताती हैं कि आज उनका एग्जाम है और वह मुख्य परीक्षा देने जा रही हैं. उनकी आवाज में घबराहट से ज्यादा उत्साह और आत्मविश्वास दिखाई देता है. यही बात लोगों को सबसे ज्यादा पसंद आ रही है. वीडियो का सबसे भावुक पल तब आता है जब महिला का बेटा उन्हें ऑल द बेस्ट कहकर शुभकामनाएं देता है. कैमरे के पीछे से बेटे की आवाज सुनाई देती है और महिला मुस्कुराते हुए आगे बढ़ती हैं. इस छोटे से पल ने वीडियो को और भी खास बना दिया. लोगों का कहना है कि परिवार का साथ किसी भी सपने को पूरा करने की सबसे बड़ी ताकत होता है.
वीडियो वायरल होने के बाद हजारों लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी. कई यूजर्स ने महिला के आत्मविश्वास और समर्पण की सराहना की. एक यूजर ने लिखा कि मम्मी जी ने कमाल कर दिया. वहीं दूसरे ने मजाकिया अंदाज में कहा कि सोचिए अगर एग्जाम हॉल में आंटी से जवाब पूछने पड़ जाएं. कई लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनकी सफलता की कामना भी की.