50 की उम्र में 18 साल का दिखता है यह शख्स, रोज दौड़ता है 25 KM; बताए फिटनेस के 2 मंत्र
50 साल से अधिक उम्र का यह शख्स रोज 25 किलोमीटर दौड़ता है. उनकी फिटनेस को देखकर हर कोई हैरान है. उन्होंने अपनी फिटनेस के 2 मंत्र बताए हैं.
सोशल मीडिया पर एक मैराथन धावक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें 50 साल से अधिक उम्र का एक शख्स अपनी फिटनेस का राज बता रहा है. दावा है कि वह आज भी रोजाना करीब 25 किलोमीटर दौड़ता है और उसकी फिटनेस देखकर लोग उसकी उम्र का अंदाजा नहीं लगा पाते. इस धावक के मुताबिक, वह पिछले 36 वर्षों से लगातार दौड़ रहा है.
दिन में सिर्फ एक बार खाते हैं खाना
धावक ने अपनी फिटनेस के दो प्रमुख मंत्र बताए हैं. उनका पहला नियम है कम खाना. वह दिन में केवल एक बार भोजन करते हैं. उनका दावा है कि इस तरीके से उन्होंने डेढ़ साल में करीब 14 किलो वजन कम किया. उनके मुताबिक, एक समय भोजन करने की आदत डालने में शुरुआत के 10 दिन मुश्किल हो सकते हैं, लेकिन बाद में शरीर इसका अभ्यस्त हो जाता है. वह अपने एकमात्र भोजन में पसंद की चीजें खाने की बात भी कहते हैं.
Also Read
प्रोटीन और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग पर जोर
फिटनेस के दूसरे मंत्र के रूप में उन्होंने प्रोटीन से भरपूर भोजन और नियमित एक्सरसाइज को अहम बताया. उनका कहना है कि कम भोजन करने के दौरान मांसपेशियों को कमजोर होने से बचाने के लिए पर्याप्त प्रोटीन लेना चाहिए. इसके साथ ही सप्ताह में दो से तीन दिन जिम जाकर स्ट्रेंथ ट्रेनिंग करनी चाहिए. उनके अनुसार, फिटनेस में 70 से 80 प्रतिशत भूमिका खानपान की होती है. इसके अलावा शरीर को स्वस्थ रखने के लिए कम से कम सात घंटे की अच्छी नींद भी जरूरी है.
सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोगों ने धावक की फिटनेस और अनुशासन की तारीफ की, जबकि कुछ ने उनकी डाइट पर सवाल उठाए. स्ट्रेंथ और फैट लॉस कोच भानु प्रताप ने कहा कि दिन में एक बार भोजन करना कुछ लोगों के लिए ठीक हो सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उस एक भोजन में जंक फूड या कुछ भी खाया जा सकता है.
विशेषज्ञों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
कुछ यूजर्स ने लंबे समय तक भूखे रहने के संभावित नुकसान को लेकर चिंता जताई. उनका कहना है कि शरीर को पर्याप्त पोषण नहीं मिलने पर हड्डियों और मांसपेशियों पर बुरा असर पड़ सकता है. हालांकि, दिन में एक बार भोजन करना हर व्यक्ति के लिए सही नहीं है. किसी भी तरह की डाइट अपनाने से पहले अपनी उम्र, स्वास्थ्य और शारीरिक जरूरतों के अनुसार विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है.