रिश्ते आते रहे, लेकिन हर बार हुआ रिजेक्ट... आखिर क्यों मैचमेकर को हटाना पड़ा लड़की का प्रोफाइल?
एक भारतीय मैचमेकर ने सोशल मीडिया पर ऐसा अनुभव साझा किया है, जिसने रिश्तों को लेकर नई बहस छेड़ दी है. उनके अनुसार 11 लाख रुपये सालाना कमाने वाली 28 वर्षीय महिला का परिवार ऐसे दूल्हे की तलाश कर रहा था, जिसकी सालाना आय 1 करोड़ रुपये से अधिक हो.
नई दिल्ली: जीवनसाथी चुनते समय हर व्यक्ति की अपनी पसंद और प्राथमिकताएं होती हैं. कोई शिक्षा को महत्व देता है तो कोई परिवार, करियर या स्वभाव को. लेकिन जब अपेक्षाएं लगातार बढ़ती चली जाएं और हर रिश्ता किसी न किसी वजह से ठुकरा दिया जाए, तब स्थिति बदल जाती है. इन दिनों एक भारतीय मैचमेकर का ऐसा ही अनुभव सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में भारतीय मैचमेकर ओएंद्रिला कपूर ने बताया कि उन्हें एक महिला का प्रोफाइल अपनी मैचमेकिंग सेवा से हटाना पड़ा. उनके अनुसार, कई प्रयासों के बावजूद परिवार की अपेक्षाओं के अनुरूप रिश्ता आगे नहीं बढ़ पाया और अंत में यह फैसला लेना पड़ा.
रिश्ते आते रहे, लेकिन पसंद नहीं आया कोई
ओएंद्रिला कपूर के मुताबिक, 28 वर्षीय महिला की सालाना आय लगभग 11 लाख रुपये थी. शुरुआत में परिवार ने केवल पढ़े लिखे, अच्छे परिवार और अच्छी नौकरी वाले युवक की इच्छा जताई थी. उनकी टीम ने महिला की उम्र, शिक्षा और प्रोफाइल के अनुसार कई योग्य युवकों के प्रस्ताव भेजे, लेकिन परिवार ने एक एक कर सभी प्रस्ताव अस्वीकार कर दिए.
जब परिवार से मांगी पसंद की प्रोफाइल
लगातार प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद मैचमेकर की टीम ने परिवार से कहा कि वे स्वयं उन युवकों की प्रोफाइल भेजें, जिन्हें वे उपयुक्त मानते हैं. इसके बाद जो प्रोफाइल सामने आईं, उनमें सभी युवकों की सालाना आय एक करोड़ रुपये से अधिक बताई गई थी. साथ ही सभी उम्मीदवार बंगाली ब्राह्मण समुदाय से थे.
Also Read
महिला और परिवार ने क्या कहा
जब टीम ने पूछा कि क्या एक करोड़ रुपये की आय अनिवार्य शर्त है, तो महिला ने कहा कि ऐसा नहीं है, लेकिन उसे ऐसे पुरुष अधिक आकर्षक लगते हैं. वहीं, जाति को लेकर पूछे गए सवाल पर महिला की मां ने बताया कि परिवार की इच्छा है कि दूल्हा केवल बंगाली ब्राह्मण समुदाय से ही हो.
आखिर क्यों हटाना पड़ा प्रोफाइल
ओएंद्रिला कपूर का कहना है कि किसी की पसंद होना गलत नहीं है. परेशानी तब आती है, जब उन अपेक्षाओं पर खरे उतरने वाले लोग भी रिश्ता आगे बढ़ाने में रुचि नहीं दिखाते. उनके अनुसार, टीम ने महिला की पसंद के अनुरूप सभी संभावित उम्मीदवारों से संपर्क किया, लेकिन किसी ने भी आगे बातचीत करने की इच्छा नहीं जताई. इसके बाद प्रोफाइल को सेवा से हटा दिया गया.
वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर बहस
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इस विषय को लेकर अलग अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं. कुछ लोगों ने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी पसंद का जीवनसाथी चुनने का अधिकार है. वहीं, कई यूजर्स का मानना था कि रिश्तों में अपेक्षाएं रखना गलत नहीं, लेकिन वे व्यावहारिक भी होनी चाहिए. इसी चर्चा के बीच यह तथ्य भी सामने आया कि भारत में करीब 3.5 लाख लोग ही सालाना एक करोड़ रुपये या उससे अधिक की टैक्सेबल आय घोषित करते हैं, जिससे ऐसे जीवनसाथी की तलाश स्वाभाविक रूप से सीमित हो जाती है.