menu-icon
India Daily

'मैं हूं आपके साथ...' अलीगढ़ में हाथरस के पीड़ितों को भरोसा दे गए राहुल गांधी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हाथरस के पीड़ितों से अलीगढ़ में मुलाकात की. उन्होंने अलीगढ़ में पीड़ित परिवारों से कहा कि वे चिंता न करें, पार्टी और वे खुद पीड़ितों के साथ हैं. आज से वे भी उनका परिवार हैं. राहुल गांधी ने पीड़ितों को हर संभव मदद का भरोसा भी दिया है. राहुल गांधी, हाथरस में भी जाकर पीड़ितों से मुलाकात करेंगे.

auth-image
India Daily Live

कांग्रेस के दिग्गज नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने हाथरस में अपनों को खो देने वाले पीड़ित परिवारों से अलीगढ़ में मुलाकात की है. राहुल गांधी मंजू देवी के घर पहुंचे और उनके परिवार से मुलाकात की. मंजू देवी ने हाथरस में भोले बाबा के प्रवचन के बाद मचे भगदड़ में अपने बच्चे को खो दिया है.

राहुल गांधी ने हाथरस के पीड़ितों को भरोसा दिया है कि वे उनकी हर संभव मदद करेंगे. मंजू देवी की बेटी ने इंडिया डेली लाइव से भी बातचीत की है. मंजू देवी की बेटी ने कहा, 'इलाज में लापरवाही हुई है. हमारी ठीक से मदद नहीं हुई. राहुल गांधी ने कहा है कि पार्टी के लोग आपकी मदद करेंगे. टेंशन मत लीजिए, हम लोग हैं. अब आप भी हमारे परिवार के सदस्य हैं.' राहुल गांधी ने शांति देवी और प्रेमवती के घर भी पहुंचकर बातचीत की.

हाथरस हादसे में 123 लोग मारे गए हैं. भोले बाबा फरार है. उसके सेवादारों को गिरफ्तार किया गया है. FIR में बाबा को आरोपी नहीं बनाया गया है. पुलिस ने हाथरस केस की जांच शुरू कर दी है. मुख्य आयोजक प्रकाश मधुकर पर पुलिस ने 1 लाख का इनाम घोषित किया है.